थलीसैंण में भालू के हमले में महिला गंभीर घायल
थलीसैंण रेंज के जिवई गांव में एक महिला पर भालू ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। लक्ष्मी देवी (25 वर्ष) को जंगल में घास काटते समय भालू ने निशाना बनाया। महिलाओं की मदद से उसे तुरंत स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे हायर सेंटर रेफर किया गया। ग्रामीणों ने वन विभाग से राहत की मांग की।
थलीसैंण रेंज के जिवई गांव में सोमवार सुबह घास लेने गई एक महिला पर भालू ने हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। रोज की तरह गांव के पास जंगल में गई महिलाओं के साथ लक्ष्मी देवी (25 वर्ष) पत्नी महिपाल सिंह भी घास काट रही थीं, तभी अचानक भालू ने उन पर हमला कर दिया। साथ गई महिलाओं की चीख-पुकार व साहसिक प्रयासों के बाद भालू वहां से भागा और महिला की जान बच सकी। स्थानीय महिलाओं की मदद से घायल को तुरंत बीरोंखाल स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया।
बीरोंखाल के चिकित्साधिकारी डॉ. शैलेंद्र ने बताया कि महिला के चेहरे, बाईं आंख और सिर पर गहरे घाव हैं। उनके अनुसार, चेहरे को ठीक करने के लिए प्लास्टिक सर्जरी की आवश्यकता पड़ सकती है। हमले के बाद क्षेत्र में भालू का खौफ फैल गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से जल्द भालू के आतंक से राहत दिलाने की मांग की है। गढ़वाल वन प्रभाग के डीएफओ अभिमन्यु सिंह ने बताया कि प्रभावित क्षेत्र में टीम भेजकर गश्त बढ़ा दी गई है तथा घायल महिला के परिवार को विभागीय सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने ग्रामीणों से सतर्क रहने की अपील भी की। भालू का यह दूसरा मामना थलीसैंण रेंज में यह दो महीनों के भीतर भालू का दूसरा और गढ़वाल वन प्रभाग में चौथा हमला है। इससे पहले 13 नवंबर को सौठ गांव में मवेशियों के साथ जंगल गए एक व्यक्ति को भी भालू ने घायल कर दिया था। लोगों ने वन विभाग से भालू से निजात दिलाने की मांग उठाई है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




