स्कूल में बच्ची से छेड़छाड़ पर पैरेंट्स का भड़का गुस्सा, NCC टीचर को जूते से पीटा- VIDEO
उत्तरकाशी के भटवाड़ी में एनसीसी टीचर पर सरकारी स्कूल में बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। गुस्साई महिलाओं ने आरोपी को जूतों से पीटा। इस घटना का वीडियो वायरल हो रहा है।
उत्तराखंड के उत्तकाशी में शर्मनाक घटना सामने आई है। यहां स्कूल में एनसीसी ट्रेनिंग कराने आए शिक्षक पर बच्ची से छेड़छाड़ का आरोप लगा है। गुस्साए पैरेंट्स और स्थानीय लोगों ने आरोपी की जमकर पिटाई कर दी। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। महिलाएं आरोपी को जूते से पीट रहे हैं।
घटना भटवाड़ी ब्लॉक में सरकारी स्कूल की है। छेड़छाड़ से आहत छात्रा सदमें में है। उधर, आरोपी एनसीसी शिक्षक को शिक्षा विभाग ने जांच पूरी होने तक हटा दिया है। मामले में पुलिस गहनता से मामले की विवेचना कर रही है।
घटना क्या हुई
मंगलवार को भटवाड़ी प्रखंड के एक सरकारी विद्यालय में एक शिक्षक व एनसीसी अधिकारी पर विद्यालय की एक छात्रा छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। शिक्षकों के द्वारा की गई इस कृत्य से छात्रा मानसिक रूप से आहत है। घटना की जानकारी परिजनों को मिलने के बाद पीड़िता के पिता ने बुधवार को मनेरी थाने पहुंचे और दोनों आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी थी।
महिलाओं ने जूते से पिटाई कर दी, वीडियो वायरल
छेड़छाड़ की घटना की जैसे ही लोगों को सूचना मिली, वे मौके पर इकट्ठा हो गए और आरोपी को घेर लिया। पहले शिक्षक की पिटाई की फिर महिलाओं ने आरोपी को जूतों से भी पीटा। इस घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल प्राथमिकी दर्ज कर की और शिक्षक और एनसीसी अधिकारी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर दिया और मामले की विवेचना शुरू कर दी।
आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग
गुरूवार को घटना का पता लगते ही परिजन व क्षेत्र के स्थानीय जनप्रतिनिधि जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और डीएम प्रशांत आर्य से मुलाकात कर उन्हें ज्ञापन प्रेषित किया। अभिभावकों ने डीएम को बताया कि घटना के सामने आने के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। उन्होंने विद्यालयों में छात्र-छात्राओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के साथ ही दोषियों के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही करने की मांग की है।
क्या बोले अधिकारी
मामले में पुलिस अधीक्षक कमलेश उपाध्याय का कहना है कि छात्रा के पिता की शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। भटवाड़ी बीईओ हर्षा रावत ने कहा कि शिक्षक पर छात्रा के साथ छेड़छाड़ के आरोप लगने के बाद शिक्षक को तत्काल प्रभाव से विद्यालय से हटाकर खंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय डुंडा में अटैच कर दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


