Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़Over 200 Injured in Firecracker Accident 66 Fire Incidents Reported on Diwali Night in Uttarakhand
उत्तराखंड: दिवाली की रात 200 से ज्यादा लोग पटाखों से झुलसे, आगजनी की 66 घटनाएं

उत्तराखंड: दिवाली की रात 200 से ज्यादा लोग पटाखों से झुलसे, आगजनी की 66 घटनाएं

संक्षेप: दिवाली की रात उत्तराखंड में कई लोगों ने लापरवाही से जश्न मनाया। प्रदेशभर में आगजनी की 66 घटनाएं हुईं और 200 से ज्यादा लोग पटाखों से झुलसे। अकेले देहरादून में 104 लोग अस्पताल में भर्ती हुए।

Wed, 22 Oct 2025 08:03 AMGaurav Kala देहरादून, हिन्दुस्तान
share Share
Follow Us on

दिवाली की रात पटाखे छोड़ने में लापरवाही लोगों को भारी पड़ी। दून हाॅस्पिटल और कोरोनेशन अस्पताल में कुल 104 लोग झुलसकर पहुंचे। इसके अलावा निजी अस्पतालों में भी सौ के करीब लोग पहुंचे। इतना ही नहीं, मंगलवार को भी कई अस्पतालों की ओपीडी में पटाखों से झुलसे मरीज पहुंचे। सड़क हादसे और मारपीट की घटनाओं में भी सौ के करीब लोग घायल हुए।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

दून अस्पताल के इमरजेंसी-नोडल अफसर डॉ. अमित अरुण के मुताबिक, सोमवार की रात 461 मरीज इमरजेंसी पहुंचे। ईएमओ डॉ. नवजोत सिंह की अगुवाई में डॉक्टर अलर्ट रहे और ऐसे मरीजों को तत्काल उपचार दिया गया। 54 लोग पटाखों से झुलसे थे। हालांकि, किसी को भर्ती करने की जरूरत नहीं पड़ी। ज्यादातर लोग अनार एवं चरखी से झुलसे थे। 26 केस लड़ाई-झगड़े से जुड़े थे और 46 मामले सड़क हादसों से जुड़े थे। डॉ. अमित के मुताबिक, कई मरीज सांस, पेट की खराबी एवं बीपी-शुगर में बढ़ोतरी समेत तमाम स्वास्थ्य समस्याओं से भी परेशान होकर आए। हालांकि, इनमें से करीब 35 मरीजों को भर्ती किया गया।

ये भी पढ़ें:212 फीसदी का इजाफा; दिल्ली में 5 साल में सबसे ज्यादा PM 2.5 वाली दिवाली
ये भी पढ़ें:इन 2 राज्यों में महीनेभर बाद मनाई जाएगी दीपावली, 'बूढ़ी' दिवाली नाम; अनोखे रिवाज
ये भी पढ़ें:पलूशन में दिल्ली को टक्कर दे रहा देहरादून, AQI 460 पार; अन्य शहरों के क्या हाल

दूसरी ओर, कोरोनेशन अस्पताल के ईएमओ डॉ. मनीष शर्मा ने बताया कि दिवालीकी रात 110 मरीज इमरजेंसी पहुंचे। जबकि, पचास मरीज पटाखों से झुलसे थे। उन्होंने बताया कि मारपीट से जुड़े 20 मामले थे और 40 अन्य केस भी सामने आए।

दून से विकासनगर तक दौड़ी फायर ब्रिगेड

देहरादून और इसके आसपास के क्षेत्रों में दीपावली की रात आग की सर्वाधिक 12 घटनाएं दर्ज की गईं। धर्मावाला में एक दुकान, निरंजनपुर मंडी की छत पर रखे सामान में आग लगी। हरभज मेहूंवाला और चंद्रबनी में कबाड़ में आग लगी। सरस्वती विहार में एक घर और कार में आग लगी। विकासनगर के डाकपत्थर और विनोद विहार में दो जगह आग पर दमकल विभाग ने नियंत्रण पाया।

उत्तराखंड में दिवाली की रात आग की 66 घटनाएं

दीवाली की रात उत्तराखंड में 66 जगह आग की घटनाएं सामने आईं। गनीमत रही कि किसी भी घटना में कोई बड़ी जनहानि या भारी नुकसान नहीं हुआ। दमकल विभाग की तत्परता और पूर्व तैयारियों के चलते ही समय रहते हुए अधिकतर घटनाओं पर काबू पा लिया गया।

फायर सर्विस मुख्यालय के अनुसार, वर्ष 2024 की तुलना में इस बार आग की घटनाओं में कमी आई। राज्यभर में कुल 129 जगह फायर यूनिट की विशेष तैनाती की थी, जिससे आपात स्थिति में त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित हो सकी। जन-जागरूकता, सोशल मीडिया के जरिये लोगों को जागरूक किया था।

ऋषिकेश में आग की सात घटनाएं हुईं। डोईवाला में आतिशबाजी से दो छोटी दुकानों में आग लगी। रुड़की एवं भगवानपुर में भी आग लगी। कोटद्वार के सिब्बूनगर में एक रेस्टोरेंट जल गया। दूसरी ओर, पौड़ी, गोपेश्वर, नैनीताल, हल्द्वानी रुद्रपुर, टनकपुर और बाजपुर में आग की घटनाएं सामने आईं।

ओपीडी में आंखों और स्किन से जुड़ी समस्या लेकर भी पहुंचे मरीज

नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. सुशील ओझा ने बताया कि ओपीडी में कई ऐसे मरीज आए, जिनकी आंखों में पटाखे का बारूद और धुआं भी चला गया था। इमरजेंसी में 25, ओपीडी में 55 मरीज पहुंचे, जहां उनको कुछ दवाई दी गई है। इसके अलावा स्किन की दिक्कतों से जुड़े कई मरीज भी आए। दून अस्पताल की इमरजेंसी में दिवालीकी रात करीब 461 मरीज पहुंचे। इस कारण लोगों की डॉक्टरों और कर्मचारियों से इलाज कराने को लेकर नोकझोंक होती रही।

माचिस-लाइटर से जलाए अनार, चेहरा झुलस गया

कोरोनेशन अस्पताल के वरिष्ठ सर्जन डॉ. आरके टम्टा ने बताया कि इमरजेंसी के बाद मंगलवार को ओपीडी में भी पटाखों से झुलसे लोग पहुंचे। 100 मरीजों की ओपीडी में 35 मरीज अनार से झुलसे थे। अधिकांश के हाथ जले थे और दो के चेहरे भी झुलसे। वे अनार जलाते समय जले और लाइटर या माचिस से पटाखे जला रहे थे।

Gaurav Kala

लेखक के बारे में

Gaurav Kala
गौरव काला को नेशनल, राजनीति, अंतरराष्ट्रीय, क्राइम और वायरल समाचार लिखना पसंद हैं। प्रिंट, इलेक्ट्रॉनिक और डिजिटल मीडिया में 10 साल कार्य का अनुभव। लाइव हिन्दुस्तान से पहले अमर उजाला, दैनिक जागरण और ईटीवी भारत जैसे मीडिया संस्थानों में काम कर चुके हैं। इन्होंने हेमवती नंदन बहुगुणा गढ़वाल केंद्रीय विश्वविद्यालय से पत्रकारिता में स्नातक और स्नातकोत्तर की पढ़ाई की है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।