
यूसीसी का एक साल: तलाक मांगने वाले ज्यादा और लिव इन में रहने वाले कम
UCC one Year Complete: यूसीसी के एक साल के भीतर नैनीताल जिले में 43,872 जोड़ों ने विवाह पंजीकरण कराया, जबकि तलाक के लिए आवेदन करने वालों की संख्या लिव-इन में रहने वालों से अधिक रही।
UCC one Year Complete: उत्तराखंड में समान नागरिक संहिता यानी यूसीसी लागू होने का एक साल पूरा हो गया है। यूसीसी के दूसरे साल के साथ ही उत्तराखंड की पुष्कर सिंह धामी सरकार ने यूसीसी में संशोधन के साथ इस कानून को और सख्त बनाया है। राज्यपाल की मंजूरी के बाद अध्यादेश को नियम के तहत जल्द विधानसभा में पेश किया जाएगा। इस बीच सालभर के दौरान यूसीसी का लेखा-जोखा भी सामने आया है। नैनीताल जिले में यूसीसी के तहत विवाह पंजीकरण के उल्लेखनीय मामले सामने आए। यह भी पता चलता है कि तलाक के लिए आवेदन करने वालों की संख्या लिव-इन में रहने वालों से अधिक रही।
यूसीसी के तहत बीते एक साल में नैनीताल जिले में कुल 46,013 जोड़ों ने विवाह पंजीकरण के लिए आवेदन किया। इनमें से 43,872 जोड़ों का पंजीकरण पूरा हो चुका है, जबकि 459 प्रकरण लंबित हैं। आवश्यक दस्तावेज पूरे न होने के कारण 1,611 आवेदन निरस्त कर दिए गए।
तलाक के 29 आवेदन, 27 को मिली मंजूरी
यूसीसी लागू होने के बाद जिले में 29 जोड़ों ने तलाक के लिए आवेदन किया, जिनमें से 27 मामलों को स्वीकृति दे दी गई, जबकि शेष प्रकरण प्रक्रियाधीन हैं।
लिव-इन के लिए कम रुचि
लिव-इन रिलेशनशिप को लेकर यूसीसी के तहत 12 जोड़ों ने आवेदन किया, लेकिन जांच-पड़ताल के बाद केवल पांच जोड़ों को ही अनुमति दी गई। यह आंकड़ा दर्शाता है कि जिले में लिव-इन की तुलना में विवाह और तलाक के मामलों की संख्या अधिक रही।
हल्द्वानी में सबसे अधिक पंजीकरण
हल्द्वानी नगर निगम क्षेत्र में यूसीसी के तहत 12,311 जोड़ों ने विवाह पंजीकरण कराया। इनमें से 24 जनवरी तक 12,068 जोड़ों को प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। नगर आयुक्त परितोष वर्मा ने बताया कि समयबद्ध निपटारे के लिए निगम स्तर पर विशेष रूप से कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
यूसीसी दिवस पर कार्यक्रम, ग्राम प्रधान सम्मानित
नैनीताल जिले की 292 ग्राम सभाओं में शत-प्रतिशत विवाह पंजीकरण यूसीसी के तहत पूरे किए गए हैं। यूसीसी के एक वर्ष पूरे होने पर मंगलवार को एमबीपीजी कॉलेज में आयोजित कार्यक्रम में यह आंकड़े साझा किए गए। कार्यक्रम का उद्घाटन मेयर गजराज बिष्ट, दर्जा राज्यमंत्री शंकर कोरंगा, डीएम ललित मोहन रयाल सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने दीप जलाकर किया।
इस अवसर पर शत-प्रतिशत यूसीसी पंजीकरण कराने वाली 17 ग्राम पंचायतों के ग्राम प्रधानों और 17 वीडीओ को सम्मानित किया गया। साथ ही यूसीसी से जुड़ी विभिन्न प्रतियोगिताओं के विजेताओं को भी पुरस्कृत किया गया।

लेखक के बारे में
Gaurav Kalaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




