उत्तराखंड की शुद्ध हवा में मनाएं नए साल का जश्न, 100 से नीचे बना हुआ है इन शहरों का AQI

Dec 20, 2025 08:09 am ISTAnubhav Shakya हिन्दुस्तान, देहरादून
share Share
Follow Us on

देश के मैदानी इलाकों में बढ़ते प्रदूषण के बीच उत्तराखंड की शुद्ध हवा पर्यटकों को आकर्षित कर रही है, जहा पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जैसे जिलों में एक्यूआई बेहद कम है और होटलों में बुकिंग का सिलसिला तेज हो गया है।

उत्तराखंड की शुद्ध हवा में मनाएं नए साल का जश्न, 100 से नीचे बना हुआ है इन शहरों का AQI

नए साल के स्वागत से पहले देश के अधिकांश मैदानी इलाके प्रदूषण की चपेट में हैं। ज्यादातर बड़े शहरों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) 300 के पार पहुंच चुका है, जिससे सांस लेना भी मुश्किल हो रहा है। ऐसे में उत्तराखंड की शुद्ध आबोहवा नए साल के जश्न के लिए पर्यटकों को बुला रही है। आइए और यहां की शुद्ध हवा में खुलकर सांस लीजिए। उत्तराखंड के पिथौरागढ़ और रुद्रप्रयाग जिले इस समय सबसे स्वच्छ हवा वाले क्षेत्र बने हुए हैं।

पिथौरागढ़ में एक्यूआई महज 11 और रुद्रप्रयाग में 16 दर्ज किया गया है। पौड़ी को छोड़ दें तो लगभग सभी पर्वतीय जिलों में एक्यूआई 60 से नीचे है। नैनीताल के मैदानी हिस्सों में भी प्रदूषण का स्तर 80 से नीचे बना हुआ है। राज्य के मैदानी इलाकों में देहरादून में जरूर एक्यूआई 100 से ज्यादा है, लेकिन हरिद्वार, ऋषिकेश, हल्द्वानी, यूएसनगर और रुड़की में एक्यूआई 100 से नीचे आ गया है। जो कि दिल्ली, मुंबई जैसे शहरों से काफी अच्छा और बिना खुलकर सांस लेने लायक है।

हिल स्टेशनों में बढ़ी रौनक

साफ हवा और ठंडे मौसम के चलते औली, चोपता, मुनस्यारी, कौसानी जैसे छोटे हिल स्टेशनों में अभी से अच्छी भीड़ नजर आने लगी है। टिहरी गढ़वाल में धनोल्टी और काणाताल क्षेत्र सबसे अधिक आकर्षण का केंद्र बने हुए हैं।

यहां करीब 250 से अधिक होटल और रिजॉर्ट हैं, जिनमें अब तक 65 प्रतिशत बुकिंग हो चुकी है। टिहरी झील क्षेत्र और नरेंद्रनगर में भी नए साल को लेकर आवाजाही बढ़ रही है।

साइबर सेल कुमाऊं रेंज के प्रभारी निरीक्षक अरुण कुमार का कहना है कि साइबर ठगी से बचाव के लिए होटल बुकिंग से पहले गूगल मैप लोकेशन, वेबसाइट और फोन नंबर सत्यापित करें। सोशल मीडिया के आकर्षक ऑफर व अनजान लिंक से बचें। निजी यूपीआई या खाते में भुगतान न करें। बुकिंग की पुष्टि होटल से सीधे फोन पर करें। ठगी होने पर 1930 हेल्पलाइन या थाने में शिकायत करें।

मसूरी में बर्फ का इंतजार

चकराता में बर्फबारी न होने और दिसंबर में प्री-बोर्ड परीक्षाओं से अभी तक केवल 15 प्रतिशत बुकिंग ही हो पाई है। मसूरी में भी 35 प्रतिशत होटल एडवांस में बुक हो चुके हैं। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय अग्रवाल ने बताया की 31 दिसंबर से पहले 90 प्रतिशत बुकिंग की उम्मीद है।

कुमाऊं में भी पैक रहेंगे पर्यटन स्थल

रानीखेत में थर्टी फर्स्ट को लेकर होटल-रिसॉर्ट में 25 से 30 फीसदी तक एडवांस बुकिंग है। दो-तीन दिन बाद बुकिंग बढ़ने के आसार हैं। कौसानी और नैनीताल में अभी तक 60 से 70 प्रतिशत बुकिंग है। मुनस्यारी में थर्टी फर्स्ट और क्रिसमस के लिए करीब 60 फीसदी होटल और होम स्टे की बुकिंग हो चुकी है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष जगदीश रावत का कहना है कि कॉर्बेट के अंदर के गेस्ट हाउस पैक हैं। बाहर रिसॉर्ट और गेस्ट हाउसों में 50 फीसदी तक बुकिंग है।

Anubhav Shakya

लेखक के बारे में

Anubhav Shakya
भारतीय जनसंचार संस्थान नई दिल्ली से पत्रकारिता की पढ़ाई करने के बाद जी न्यूज से करियर की शुरुआत की। इसके बाद नवभारत टाइम्स में काम किया। फिलहाल लाइव हिंदुस्तान में बतौर सीनियर कंटेंट प्रोड्यूसर काम कर रहे हैं। किताबों की दुनिया में खोए रहने में मजा आता है। जनसरोकार, सामाजिक और राजनीतिक मुद्दों में गहरी दिलचस्पी है। एनालिसिस और रिसर्च बेस्ड स्टोरी खूबी है। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

;;;