
हल्द्वानी को सिर्फ चार, पिथौरागढ़ को छह नई बसें मिलेंगी
- दून हिल डिपो को सबसे ज्यादा 54 का बड़ा आवंटन - 100 नई बसों
- काठगोदाम, अल्मोड़ा, बागेश्वर, रुड़की को नहीं मिलेगी कोई नई बस हल्द्वानी, मुख्य संवाददाता। उत्तराखंड रोडवेज के पर्वतीय रूटों पर जल्द ही यात्रियों को नई बसों की सौगात मिलने जा रही है। परिवहन निगम द्वारा खरीदी गई 100 नई बसों में से 30 बसें गोवा स्थित टाटा कंपनी से देहरादून पहुंच चुकी हैं। रजिस्ट्रेशन पूरा होते ही इन्हें विभिन्न डिपो को भेजना शुरू कर दिया जाएगा। इस बार जहां हल्द्वानी डिपो को चार और पिथौरागढ़ को छह नई बसों का आवंटन हुआ है, वहीं दून हिल डिपो को सर्वाधिक 54 बसें मिलेंगी। इसके उलट काठगोदाम, अल्मोड़ा, बागेश्वर और रुड़की डिपो को एक भी नई बस शामिल नहीं की जाएगी।
पिछले साल खरीदी गई 130 बसों में अधिकतर कुमाऊं मंडल को भेजी गई थीं, लेकिन इस वर्ष समीकरण बदल गया है। 100 नई बसों में से 76 बसें दून मंडल को आवंटित की गई हैं, जबकि नैनीताल और टनकपुर मंडलों को केवल 24 बसें ही मिलेंगी। पर्वतीय रूटों पर जर्जर और उम्र पूरी कर चुकी बसों को प्राथमिकता से बदला जाएगा। किस डिपो को कितनी बसें ------------------------ हल्द्वानी, रामनगर और टनकपुर डिपो : 4-4 बसें पिथौरागढ़—6 बसें रानीखेत, भवाली, लोहाघाट—2-2 बसें दून हिल—54 हरिद्वार—6 ऋषिकेश—4 श्रीनगर—4 कोटद्वार—10 काठगोदाम, अल्मोड़ा, बागेश्वर, रुड़की—शून्य नौ और बसें मिलेंगी निगम को 35.35 करोड़ रुपये की लागत से 100 बसों की खरीद के दौरान जीएसटी दरों में कमी से निगम को करीब 2.76 करोड़ रुपये की बचत हुई। इस राशि में 17 लाख रुपये और जोड़ने पर टाटा कंपनी नौ अतिरिक्त बसें देने को राजी हो गई है। बोर्ड ने प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। अब 100 की जगह कुल 109 बसें खरीदी जाएंगी। “देहरादून हिल डिपो को सर्वाधिक 54 बसें दी जा रही हैं। पर्वतीय मार्गों पर पुरानी बसों को प्राथमिकता से बदला जाएगा। पर्वतीय रूटों पर 50 और बसें खरीदने पर सहमति बनी हैं।” — क्रांति सिंह, महाप्रबंधक, रोडवेज संचालन

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




