मानव-वन्यजीव संघर्ष रोकने को लेकर उचित कदम उठाने की मांग
उत्तराखंड क्रांति दल ने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर नैनीताल जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने के लिए वन्यजीव प्रबंधन प्राधिकरण की स्थापना और अन्य उपायों की मांग की है। ज्ञापन में पिछले कुछ महीनों में वन्यजीव हमलों में हुई मौतों का जिक्र करते हुए निगरानी बढ़ाने और मुआवजा राशि में वृद्धि की बात कही गई है।

नैनीताल, संवाददाता। उत्तराखंड क्रांति दल ने नैनीताल जिले में मानव-वन्यजीव संघर्ष को रोकने को लेकर वन्यजीव प्रबंधन प्राधिकरण की स्थापना, मानव बस्तियों के पास बफर जोर निर्माण आदि की मांग को लेकर मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजा है। ये ज्ञापन मंगलवार को डीएम ललित मोहन रयाल के माध्यम से भेजा गया।ज्ञापन में यूकेडी ने कहा, कि फरवरी से अप्रैल 2026 के बीच भीमताल क्षेत्र में दो महिलाओं की वन्यजीव हमले में मौत और वर्ष 2026 के चार महीनों में जिले में आधा दर्जन से अधिक मौतें हो चुकी हैं, जो कि काफी चिंता का विषय है। कहा कि ड्रोन, कैमरा ट्रैप और जीपीएस से सख्त निगरानी बढ़ाई जाए।
सोलर स्मार्ट फेंसिंग और अलार्म सिस्टम की भी व्यवस्था हो। वन्यजीव के हमले में जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही तय की जाए और मुआवजा राशि में कम से कम 50 प्रतिशत बढ़ोतरी की जाए। इसके अलावा यूकेडी ने घायलों को आजीवन मुफ्त इलाज, मृतकों के परिजनों को 3 माह के भीतर सरकारी नौकरी देने की भी मांग की। चेताया कि यदि इस संबंध में उचित निर्णय नहीं लिया गया, तो यूकेडी आंदोलन करेगा। ज्ञापन देने वालों में उत्तराखंड क्रांति दल के संरक्षक डॉ. नारायण सिंह जंतवाल, पूर्व चेयरमैन श्याम नारायण, खड़क सिंह, रवि, प्रताप बिष्ट, प्रताप पांडे, इंद्र सिंह, बबीता मनराल, विनोद कुमार, मनोज साह, लीला बोरा, चंद्र लाल साह आदि शामिल रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


