नैनीताल में संचार व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश, डार्क एरिया तक पहुंचे कनेक्टिविटी
नैनीताल में संचार सेवाओं को मजबूत करने के लिए एक बैठक का आयोजन किया गया। एडीएम शैलेंद्र नेगी ने नेटवर्क की स्थिरता और बिजली कटौती के दौरान टावरों के संचालन के लिए ईंधन बैकअप का उपयोग अनिवार्य किया। 477 गांवों में से 288 गांव योजना में शामिल हो चुके हैं और नए 4जी टावरों के लिए भूमि का निरीक्षण किया जाएगा।
नैनीताल, संवाददाता। जिले में संचार सेवाओं को मजबूत करने के लिए सोमवार को कलेक्ट्रेट में एडीएम शैलेंद्र नेगी की अध्यक्षता में जिला टेलीकॉम कमेटी की बैठक आयोजित की गई।एडीएम ने डार्क और शैडो एरिया में नेटवर्क सुचारू रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली कटने पर भी टावर बंद न हों, इसके लिए ईंधन बैकअप और सोलर ऊर्जा का उपयोग अनिवार्य रूप से किया जाए। बैठक में बताया गया कि पहले चरण में स्वीकृत 48 टावर चालू हो चुके हैं। दूसरे चरण के 10 नए 4जी टावरों में से 5 के लिए भूमि मिल चुकी है, जबकि शेष 5 स्थानों बेलवाखान, जिरौली, रेकुना, बारगल और प्यूड़ा के लिए प्रशासन को शीघ्र संयुक्त निरीक्षण के निर्देश दिए गए हैं।
जिले के 477 गांवों में से अब तक 288 गांव योजना से जुड़ चुके हैं। इसके अलावा जिओ कंपनी के प्रतिनिधियों ने हल्द्वानी क्षेत्र में सड़क सुधारीकरण के दौरान ऑप्टिकल फाइबर बिछाने का मुद्दा उठाया, जिस पर लोनिवि, यूयूएसडीए और कंपनी के अधिकारियों को आपसी समन्वय से काम करने को कहा गया। वहीं एयरटेल प्रतिनिधियों ने जिले में दो नए मोबाइल टावरों के लिए भूमि उपलब्ध कराने का अनुरोध किया, जिस पर प्रशासन ने शीघ्र कार्रवाई के निर्देश दिए। बैठक में दूरसंचार, भारत नेट, लोक निर्माण विभाग, सिंचाई, विद्युत, पीएमजीएसवाई समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


