Nainital News: ओम पुल से ढका कैंची धाम मंदिर का दृश्य, होटल एसोसिएशन नाराज
Nainital News: कैंची धाम में निर्माणाधीन ओम पुल के खिलाफ होटल एसोसिएशन ने विरोध जताया है। उनका कहना है कि पुल की ऊंचाई के कारण स्थानीय मंदिर का दृश्य बाधित हो गया है, जिससे श्रद्धालुओं की भावनाएं प्रभावित हो रही हैं। एसोसिएशन ने प्रशासन से उचित समाधान की मांग की है।
Nainital News: भवाली, संवाददाता। प्रसिद्ध कैंची धाम में निर्माणाधीन ओम पुल को लेकर विरोध के स्वर तेज होने लगे हैं। होटल एसोसिएशन ने पुल की ऊंचाई को लेकर नाराजगी जताई है। एसोसिएशन का आरोप है कि पुल की ऊंचाई अधिक होने के कारण सड़क से नीब करौरी बाबा महाराज के मंदिर का पारंपरिक दृश्य पहले की तरह दिखाई नहीं दे रहा है। इससे कैंची धाम पहुंचने वाले श्रद्धालुओं की भावनाएं प्रभावित होने की आशंका जताई गई है।होटल एसोसिएशन की ओर से इस संबंध में एक वीडियो भी जारी किया गया है। इसमें दावा किया गया है कि सड़क से मंदिर का दृश्य ओम पुल के निर्माण के कारण काफी हद तक ढक गया है।
एसोसिएशन का कहना है कि कई श्रद्धालु किसी कारणवश मंदिर परिसर में जाकर दर्शन नहीं कर पाते। ऐसे श्रद्धालु सड़क से गुजरते समय मंदिर के दर्शन कर श्रद्धा प्रकट करते थे। अब पुल के निर्माण से मंदिर का दृश्य बाधित होने की बात कही जा रही है। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष भुवन तिवारी ने कहा कि कैंची धाम लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। उनके अनुसार ओम पुल की ऊंचाई मंदिर से भी अधिक प्रतीत हो रही है, जिससे सड़क से मंदिर का पारंपरिक दृश्य प्रभावित हुआ है। उन्होंने कहा कि पुल से श्रद्धालुओं के पैदल आवागमन की सुविधा मिलेगी, लेकिन निर्माण के दौरान धार्मिक स्थल की महत्ता और श्रद्धालुओं की भावनाओं को भी ध्यान में रखा जाना चाहिए था। उन्होंने प्रशासन से मामले का संज्ञान लेकर उचित समाधान निकालने की मांग की। कहा कि एसोसिएशन जल्द ही स्थानीय लोगों के साथ जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर अपनी आपत्ति दर्ज कराएगा। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि प्रशासन ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया तो एसोसिएशन आगे आंदोलन की रणनीति तय करेगा। एसोसिएशन का कहना है कि विकास कार्य जरूरी हैं, लेकिन धार्मिक स्थलों पर निर्माण के दौरान आस्था और मंदिर की पारंपरिक दृश्यता का भी ध्यान रखा जाना चाहिए।


