भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष पुलिस हिरासत में, युवती ने लगाए हैं गंभीर आरोप
भवाली क्षेत्र में पुलिस ने व्यवसायी नरेश पांडे को गंभीर आरोपों के तहत हिरासत में लिया है। एक युवती ने उन पर शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, गर्भपात कराने और मानसिक उत्पीड़न का आरोप लगाया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की है और आरोपी को पूछताछ के लिए ले जाया गया है।

नैनीताल। भवाली क्षेत्र में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब चार-पांच वाहनों में पहुंची पुलिस टीम भवाली व्यापार मंडल अध्यक्ष नरेश पांडे को अपने साथ ले गई। मामले में एक युवती की ओर से शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने, गर्भपात कराने, मानसिक उत्पीड़न और जान से मारने की धमकी देने जैसे गंभीर आरोप लगाए गए हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल औपचारिक गिरफ्तारी से इनकार किया है। जानकारी के अनुसार, शहर के एक शिक्षण संस्थान में अध्ययनरत छात्रा ने बीते दिनों मल्लीताल कोतवाली में तहरीर देकर भवाली निवासी नरेश पांडे पर कई गंभीर आरोप लगाए थे। युवती का कहना है कि वह पिछले ढाई वर्षों से आरोपी के संपर्क में थी।
इस दौरान आरोपी ने स्वयं को अविवाहित बताकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए। युवती ने आरोप लगाया कि गर्भवती होने पर उस पर दबाव बनाकर गर्भपात भी कराया गया। पीड़िता ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी की ओर से गाली-गलौज की गई तथा ऑडियो-वीडियो भेजकर धमकाया गया। शिकायत के आधार पर पुलिस ने नरेश पांडे के खिलाफ बीएनएस की धारा 69 और 351(2) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। मंगलवार सुबह पुलिस की कार्रवाई के बाद क्षेत्र में चर्चाओं का माहौल बना रहा। स्थानीय लोगों के अनुसार, पुलिस टीम आरोपी को पूछताछ के लिए नैनीताल ले गई। वहीं पुलिस अधिकारियों का कहना है कि फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच जारी है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


