भीमताल। हमारे संवाददाता
थर्टी फर्स्ट मना कर लौट रहे सैलानियों की भीड़ से भीमताल में चार किमी लंबा जाम गया। पहाड़ और मैदान को आने-जाने वाले यात्री भीमताल में दो घंटे जाम में फंसे रहे। इससे यात्रियों समेत सैलानियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस को भी यातायात व्यवस्थित करने व जाम को खोलने के लिए कड़ी मशक्कत करनी पड़ी। जाम का कारण पिछले साल अगस्त में बारिश से भीमताल-हल्द्वानी मार्ग के ठंडी सड़क पर दस मीटर टूटी सड़क रही। सड़क टूटने से वहां पर मार्ग काफी सकरा हो गया है और वहां से एक बार में एक ही वाहन पास हो सकता है। सड़क आधी टूटी होने से दुघर्टनाओं को भी बल मिल रहा है। कई बार स्थानीय लोग टूटी सड़क की मरम्मत की मांग कर चुके हैं पर सड़क की दीवार नहीं बनी। इसके चलते थोड़ी भी भीड़ बढ़ने पर वहां पर जाम लगना शुरू हो जाता है। शुक्रवार को मल्लीताल से बोहराकून तक करीब चार किमी लंबा जाम रहा। पुलिस ने दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद दो बजे के आसपास जाम खुल पाया। इससे मैदानी क्षेत्रों से पहाड़ के दूर दराज गांवों को जाने वाले यात्रियों को फजीहत का सामना करना पड़ा।