कैंची धाम में जाम से मिलेगी निजात, तीन दिन में तैयार होगा भवाली-रातीघाट बाईपास
नैनीताल में कैंची धाम के यातायात जाम से राहत के लिए भवाली-सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास मार्ग का निरीक्षण कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने किया। उन्होंने निर्माण कार्य की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को शीघ्र कार्य पूर्ण करने का निर्देश दिया। पार्किंग और अन्य निर्माण कार्य भी तीन महीने में पूरे होंगे।

नैनीताल, संवाददाता। कैंची धाम में लगने वाले यातायात जाम से राहत दिलाने के उद्देश्य से निर्माणाधीन भवाली-सेनिटोरियम -रातीघाट बाईपास मार्ग का सोमवार को कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को शेष कार्य शीघ्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।रातीघाट में अल्मोड़ा हाईवे से बाईपास मार्ग को जोड़ने के लिए निर्माणाधीन वैली ब्रिज का निरीक्षण करते हुए आयुक्त ने कार्य की प्रगति की जानकारी ली। अधीक्षण अभियंता लोनिवि मनोहर सिंह धर्मशक्तू ने बताया कि बेली ब्रिज का निर्माण कार्य अंतिम चरण में है और इसे अगले तीन दिन में पूरा कर लिया जाएगा।
इसके बाद परीक्षण कर मार्ग को खोल दिया जाएगा। आयुक्त ने निर्देश दिए कि नवनिर्मित रातीघाट मार्ग पर समतलीकरण, साइनेज और सुरक्षा मानकों से संबंधित शेष कार्य युद्धस्तर पर पूरे किए जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। निरीक्षण के दौरान दीपक रावत ने कैंची धाम में विकसित की जा रही पार्किंग और मानस मंदिर माला योजना के तहत चल रहे निर्माण कार्यों का भी जायजा लिया। अधिकारियों ने बताया कि यहां 330 वाहनों की क्षमता वाली पार्किंग का निर्माण किया जा रहा है। पार्किंग का दो मंजिला ढांचा तैयार हो चुका है और 180 वाहनों की पार्किंग तत्काल उपयोग के लिए उपलब्ध है। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए बनाए जा रहे पाथवे का अधिकांश कार्य पूरा हो चुका है तथा कंट्रोल रूम भी स्थापित कर दिया गया है। अधिकारियों ने आयुक्त को बताया कि पार्किंग, ब्रिज और अन्य निर्माण कार्य आगामी तीन माह के भीतर पूर्ण कर लिए जाएंगे। इस अवसर पर एडीएम विवेक कुमार राय, एसडीएम धारी अनुराग आर्या, नवाजिश खलीक, सीओ रविकांत सेमवाल, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग रत्नेश कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


