भवाली सड़क हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच शुरू, कई विभागों से जानकारी तलब
नैनीताल में 21 मई को हुए सड़क हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच शुरू हो गई है। एसडीएम कैंची ने जानकारी देने के लिए 8 जून तक लोगों से अपील की है। हादसे में चालक समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हुई थी। डीएम ने तकनीकी जांच रिपोर्ट मांगी है।

नैनीताल, वरिष्ठ संवाददाता। बीती 21 मई को भवाली-सेनिटोरियम बाईपास में ढेला गांव के पास हुई सड़क हादसे की मजिस्ट्रेटी जांच शुरू हो गई है। एसडीएम कैंची ने लोगों से अपील की है, कि यदि किसी व्यक्ति के पास हादसे से संबंधित कोई भी जानकारी, साक्ष्य या अपना पक्ष प्रस्तुत करना हो, तो वो आठ जून तक किसी भी कार्य दिवस में एसडीएम कार्यालय श्री कैंचीधाम में उपस्थित हो सकते हैं। इसके अलावा डीएम ने परिवहन विभाग, स्वास्थ्य विभाग, पुलिस से भी हादसे से जुड़ी कई महत्वपूर्ण जानकारियां मांगी है।
हादसे का विवरण
बता दें कि 21 मई को भवाली सेनिटोरियम-रातीघाट बाईपास के ढेला गांव के समीप एक कार अनियंत्रित होकर 200 मीटर गहरी खाई में समा गई थी। दुर्घटना में चालक समेत एक ही परिवार के चार लोगों की मौत हो गई थी। हादसे की गंभीरता को देखते हुए डीएम ललित मोहन रयाल ने मजिस्ट्रियल जांच के आदेश जारी किए हैं। जिसके अनुपालन में एसडीएम कैंची के स्तर पर मजिस्ट्रियल जांच शुरू कर दी गई है। साथ ही आरटीओ हल्द्वानी को तकनीकी जांच रिपोर्ट व निर्धारित पांच बिंदुओं पर स्पष्ट आख्या एक सप्ताह के भीतर उपलब्ध कराने को कहा है। सीएमओ नैनीताल से मृतकों से संबंधित सभी अभिलेख व चिकित्सीय कार्रवाई का विवरण उपलब्ध कराने को कहा है। सीओ भवाली से को प्रथम सूचना रिपोर्ट, पंचनामा, पोस्टमार्टम रिपोर्ट, मौके की रिपोर्ट एवं अन्य तकनीकी विवरण निर्धारित समयसीमा में प्रस्तुत करने को कहा है। लोनिवि नैनीताल के ईई को निर्देशित किया है, कि उक्त मार्ग पर सुरक्षा उपायों (जैसे क्रैश बैरियर, साइन बोर्ड आदि) की उपलब्धता एवं स्थिति पर आख्या एक सप्ताह के भीतर करें। डीएम ने तहसीलदार कैंची को आदेशित किया है कि उक्त सूचना को अपने नोटिस बोर्ड पर चस्पा कर व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करें।
अधिकांश प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


