Nainital News: बोर्ड लगाकर साइबर ठगों से जागरूक कर रही पुलिस
Nainital News: पहल - ओटीपी, यूपीआई और फर्जी लिंक के जरिये ठगी से बचने के बताए तरीके - एसएसपी मंजुनाथ टीसी की अपील- ठगी होते ही 1930 पर करें कॉल, सुरक्षित रखें डिजिटल

Nainital News: नैनीताल, संवाददाता। साइबर ठगी के बढ़ते मामलों के बीच नैनीताल पुलिस ने लोगों को जागरूक करने के लिए शहर में विशेष जागरूकता बोर्ड लगाए हैं। इनके माध्यम से पुलिस साइबर अपराध के तरीकों की जानकारी देने के साथ ही लोगों को बचाव के उपाय भी बता रही है। पुलिस का उद्देश्य आमजन को सतर्क कर साइबर ठगों के जाल में फंसने से बचाना है। पुलिस की ओर से लगाए गए बोर्डों में फर्जी केवाईसी, नौकरी और लॉटरी का झांसा, पहचान की चोरी, कार्ड और यूपीआई के माध्यम से ठगी, सामाजिक माध्यमों पर फर्जी खाते और ऑनलाइन खरीदारी में धोखाधड़ी जैसे अपराधों की जानकारी दी गई है।
लोगों को अनजान लिंक पर क्लिक नहीं करने और अपना ओटीपी, पिन या पासवर्ड किसी के साथ साझा नहीं करने की सलाह दी गई है। साथ ही सार्वजनिक वाई-फाई का इस्तेमाल करते समय सावधानी बरतने और अनजान नंबरों से आने वाली कॉल पर बैंक संबंधी जानकारी नहीं देने की अपील की गई है। पुलिस ने लोगों को साइबर ठगी का शिकार होने पर तत्काल राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल करने और cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी है। ठगी से जुड़े संदेश, स्क्रीनशॉट, मोबाइल नंबर और लेनदेन का विवरण सुरक्षित रखने की भी सलाह दी गई है। समय रहते शिकायत करने से ठगी की रकम को रोकने और वापस दिलाने की कार्रवाई में मदद मिल सकती है। एसएसपी डॉ. मंजुनाथ टीसी ने कहा कि साइबर अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए आमजन का जागरूक और सतर्क होना जरूरी है। कहा कि साइबर ठगी होने पर बिना देरी किए हेल्पलाइन नंबर 1930 पर सूचना दें।

