मंडुए के गुलाब जामुन और मोमो ने बढ़ाया फूड फेस्टिवल का जायका
संक्षेप: उत्तराखंड की रजत जयंती के अवसर पर नैनीताल में दो दिवसीय फूड फेस्टिवल शुरू हुआ। 16 होटल, रेस्टोरेंट, और कुविवि के छात्रों ने भाग लिया। मंडुवे से बने व्यंजनों की मांग रही। मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या ने फेस्टिवल का शुभारंभ किया, जिसमें सांस्कृतिक कार्यक्रम भी आयोजित किए गए।
नैनीताल, संवाददाता। उत्तराखंड राज्य की रजत जयंती के अवसर पर जिला पर्यटन विकास विभाग, कुमांऊ मंडल विकास निगम और होटल एसोसिएशन का दो दिवसीय फूड फेस्टिवल शनिवार से शुरू हो गया है। जिसमें 16 होटल और रेस्टोरेंट के साथ कुविवि के छात्रों व स्वयं सहायता समूह की महिलाओं ने प्रतिभाग किया। मंडुवे के बने उत्पाद लोगों ने खूब पसंद किए। डीएसए मैदान में आयोजित फूड फेस्टिवल का शुभारंभ मुख्य अतिथि विधायक सरिता आर्या और पालिकाध्यक्ष डॉ. सरस्वती खेतवाल ने किया। इस फेस्टिवल में शहर के नमह रेडिसन, नैनी रिट्रीट, स्ट्रेलिंग नैनीताल, स्वीट अफेयर अल्मोड़ा, चेली आर्गेनिक फूड, जेनयम चा भीमताल, अनुपम रेस्टोरेंट, सुमित ऑर्गेनिक, केएमवीएन, मुस्कुटिया, जीवन वर्षाकाल, संगम समिति मनोरा पहाड़ी बाउल आदि ने प्रतिभाग किया।

फेस्टिवल में सभी होटल और रेस्टोरेंट ने कुमांऊ के प्रसिद्ध मीट-भात, पहाड़ी डुबके, झुंगरे की खीर, मंडुवे का हलुवा आदि कुमाउनी व विदेशी व्यजंन के स्टॉल लगाए। अधिकतर होटल और रेस्टोरेंट ने रागी यानी मंडुवे से बने उत्पादों और व्यंजन परोसे। लोगों ने मंडुवे के गुलाब जामुन, मंडुवे के मोमो, मंडुवे के नूडल, मंडुवे के बिस्किट आदि पसंद किए। जिला पर्यटन विकास अधिकारी अतुल भंडारी ने बताया कि फूड फेस्टिवल में पर्यटकों को कुमाउनी भोजन का स्वाद मिलेगा, जिससे वे बेहतर अनुभव ले सकेंगे। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने बताया कि फूड फेस्टिवल के माध्यम से पहाड़ी व्यंजनों का प्रचार प्रसार किया जा रहा है। 16 फूड स्टॉल लगाए गए हैं। देहरादून की स्नेह कुमार भंडारी ने बताया कि फूड फेस्टिवल सबसे अच्छा आयोजन है, इसमें लोकल लोगों को भी बढ़ावा मिलता है। ::::: सूचना विभाग ने कराए सांस्कृतिक कार्यक्रम फूड फेस्टिवल में जिला सूचना विभाग की ओर से सांस्कृति कार्यक्रमों का अयोजन किया गया। जिससे माध्यम से फेस्टिवल में कुमाउनी संस्कृति की झलक देखी गई। फेस्टिवल में शहर के छह सांस्कृतिक दलों ने कुमाउनी नृत्य से फेस्टिवल में आने सभी लोगों, पर्यटकों और अतिथियों का मन मोहा। चेली आर्ट ने प्रस्तुत किए इको प्रिंट फुलारी स्वयं सहायाता समूह चेली आर्ट ने ईको प्रिंट फुलारी प्रस्तुत की। चेली आर्ट की संचालक किरन तिवारी ने बताया, कि फुलारी को प्राकृतिक रंगों से रंगकर तैयार किया है। फुलारी टिकाऊ फैशन और शून्य अपशिष्ट को बढ़ावा देता है। डीएबी की स्तुति पंत ने प्रस्तुत किए कुमाउनी क्राफ्ट डीएसबी परिसर की स्तुति पंत ने कुमाउनी शैली के मकानों के मॉडल व ऐपण प्रस्तुत किए। स्तुति ने बताया कि वह कुमाउनी शैली के मकानों की बनावट पर कार्य कर रही हैं, जिसके तहत क्राफ्ट के माध्य से कुमाउनी शैली के मकानों के लकड़ी के मॉडल तैयार किए हैं। जिनकी कीमत 2500 रुपये से लेकर छह हजार रुपये तक है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




