डीएसए मैदान में ईद की सामूहिक नमाज को प्रशासन की अनुमति नहीं
नैनीताल में इस बार ईद के मौके पर डीएसए मैदान में सामूहिक नमाज अदा नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन ने कहा है कि मैदान में खेल गतिविधियों के अलावा किसी आयोजन की अनुमति नहीं है। लोगों से मस्जिदों और घरों में नमाज अदा करने की अपील की गई है।

नैनीताल, संवाददाता। नैनीताल में इस बार ईद के मौके पर डीएसए मैदान में सार्वजनिक रूप से सामूहिक नमाज अदा नहीं की जाएगी। जिला प्रशासन ने स्पष्ट कर दिया है, कि खेल मैदान में खेल गतिविधियों के अतिरिक्त किसी भी आयोजन की अनुमति नहीं दी जाएगी। लोगों से मस्जिदों, घरों और निजी प्रतिष्ठानों में ही नमाज अदा करने की अपील की गई है।
ईद की तैयारियों पर बैठक
सोमवार को ईद की तैयारियों को लेकर कोतवाली में शांति समिति की बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में अंजुमन इस्लामिया के पदाधिकारियों ने हर वर्ष की तरह डीएसए मैदान में सामूहिक नमाज की अनुमति देने की मांग प्रशासन और पुलिस के समक्ष रखी थी। इस पर एसडीएम ने संबंधित विभाग से एनओसी और प्रशासनिक अनुमति मिलने के बाद ही निर्णय लेने की बात कही थी। इसी बीच डीएसए मैदान में नमाज आयोजन को लेकर देर शाम तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी। डीएसए महासचिव ने पहले अनुमति देने के संकेत दिए, लेकिन बाद में आदेश निरस्त करते हुए निर्णय जिला प्रशासन पर छोड़ दिया। मंगलवार को डीएम ललित मोहन रयाल ने स्थिति स्पष्ट करते हुए कहा कि डीएसए खेल मैदान में इन दिनों खेल प्रतियोगिताएं और अन्य खेल गतिविधियां संचालित हो रही हैं। ऐसे में मैदान में नमाज अथवा अन्य गैर-खेल आयोजनों की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने लोगों से ईद की नमाज मस्जिदों, घरों और निजी परिसरों में शांतिपूर्ण ढंग से अदा करने की अपील की।
सभासदों की मांग
-----------------------------
सभासदों ने की डीएसए मैदान में नमाज अदा कराने की मांग
नैनीताल, संवाददाता।
नैनीताल के मल्लीताल स्थित डीएसए मैदान में ईद की नमाज को लेकर इन दिनों मामला गरमाया हुआ है। एक ओर जहां डीएम ने मैदान में ईद की नमाज अदा न कराने को कहा है, वहीं मंगलवार को कई सभासदों ने मैदान में ही ईद की नमाज अदा कराने की मांग को लेकर कुमाऊं कमिश्नर दीपक रावत को ज्ञापन सौंपा।
सभासदों ने कहा कि डीएसए मैदान में सामूहिक नमाज आयोजित करने की परंपरा चली आ रही है। यह आयोजन धार्मिक और सामाजिक सौहार्द का प्रतीक रहा है। पूर्व के वर्षों में भी प्रशासन के सहयोग और आवश्यक नियमों के पालन के साथ नमाज का आयोजन संपन्न कराया जाता रहा है। उन्होंने इस वर्ष भी शांतिपूर्ण वातावरण में धार्मिक परंपरा निभाने को मैदान में नमाज अदा करने की अनुमति प्रदान करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में सभासद गजाला कमाल, ललिता दफौटी, गीता उप्रेती, काजल आर्या, अंकित चंद्रा, जितेंद्र पांडे मौजूद रहे।
सामान्य प्रश्न
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


