बल्दियाखान के जंगल में देर रात भड़की भीषण आग, वन संपदा को भारी नुकसान की आशंका
नैनीताल के बल्दियाखान क्षेत्र में जंगल में आग लग गई, जिससे वन संपदा को भारी नुकसान की आशंका है। आग की चपेट में आने से आसपास के क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया। वन विभाग, दमकल विभाग और स्थानीय ग्रामीणों ने मिलकर आग बुझाने का प्रयास किया। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन जांच जारी है।

नैनीताल। नैनीताल डिवीजन की मनोरा रेंज अंतर्गत बल्दियाखान क्षेत्र के जंगलों में लगी आग ने देर रात विकराल रूप धारण कर लिया। रविवार सुबह शुरू हुई आग देर रात तक धधकती रही, जिससे पूरे क्षेत्र में धुएं का गुबार फैल गया। आग की चपेट में आने से वन संपदा को भारी नुकसान होने की आशंका जताई जा रही है। जानकारी के अनुसार बल्दियाखान क्षेत्र के समीप किसी अराजक तत्व द्वारा जंगल में आग लगाए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। तेज हवाओं के कारण आग तेजी से जंगल के बड़े हिस्से में फैल गई। आग की ऊंची लपटें और घना धुआं दूर-दूर तक दिखाई देने लगा, जिससे आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बन गया।
स्थानीय लोगों ने घटना की सूचना तत्काल वन विभाग को दी। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने के प्रयास शुरू किए गए। हालांकि तेज हवा और दुर्गम क्षेत्र के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। देर रात तक जंगल के कई हिस्सों में आग धधकती रही और लोगों ने रातभर जंगलों में उठती लपटों का भयावह दृश्य देखा। आग बुझाने के लिए वन विभाग, दमकल विभाग तथा स्थानीय ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। घंटों की कड़ी मेहनत के बाद कई स्थानों पर आग पर काबू पाया गया। लगातार बढ़ रही वनाग्नि की घटनाओं ने वन विभाग की चिंता बढ़ा दी है। स्थानीय लोगों ने जंगलों में लगातार लग रही आग की घटनाओं की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। एसडीओ ममता चंद ने बताया कि विभागीय टीम लगातार मौके पर मौजूद रही और आग पर काबू पा लिया गया है। साथ ही आग लगने के कारणों और इसमें शामिल लोगों की जानकारी जुटाई जा रही है।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


