महाशिवरात्रि मेले पर इस बार सीसीटीवी से रहेगी नजर
भीमताल की ग्राम पंचायत पिनरो में 15 फरवरी को महाशिवरात्रि मेले के लिए एसडीएम नवाजिश खलिक की अध्यक्षता में बैठक हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं की सुविधाओं के लिए वन वे व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी, बिजली, भजन, मोबाइल शौचालय, और सुरक्षा बलों की तैनाती जैसे प्रस्ताव पारित किए गए।

भीमताल, संवाददाता। भीमताल ब्लॉक की ग्राम पंचायत पिनरो स्थित छोटा कैलाश में आयोजित होने वाले महाशिवरात्रि मेले (15 फरवरी) को लेकर बुधवार को भटेलिया में एसडीएम नवाजिश खलिक की अध्यक्षता में मंदिर समिति के पदाधिकारियों की बैठक हुई। जिसमें जिला प्रशासन और मंदिर समिति ने सर्वसम्मति से कई प्रस्ताव पारित किए। फैसला लिया गया कि मेले पर सीसीटीवी से नजर रखी जाएगी। श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा के लिए वन वे व्यवस्था, सीसीटीवी कैमरे से निगरानी, मंदिर परिसर को फूलों की सजावट, बिजली व्यवस्था, भजन कीर्तन का आयोजन, मोबाइल शौचालय, अलाव की व्यवस्था, भंडारा, पुलिस फोर्स की तैनाती, एसडीआरएफ की तैनाती सहित अन्य प्रस्ताव पारित किए।
पूर्व जिला पंचायत सदस्य अनिल चनौतिया ने बताया कि श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा के लिए जल निगम विभाग को पेयजल व्यवस्था करने, जमरानी बांध परियोजना के माध्यम से सोलर लाइट लगाने को कहा है। बानना में भीमताल की ओर से आने वाले चार पहिया वाहन खड़े किए जाएंगे। दोपहिया वाहन को भटेलिया पार्किंग में लगाया जाएगा। 14 फरवरी से श्रद्धालु मंदिर पहुंचने लगते हैं। उन्हें परेशानियों का सामना न करना पड़े, इसके लिए व्यवस्थाएं बनाई जा रहीं हैं। इस वर्ष सीसीटीवी से भी नजर रखी जाएगी। बैठक में एसपी नैनीताल डॉ. जगदीश चंद्रा, अनिल चनौतिया, उमेश पलड़िया, थानाध्यक्ष राजेश कुमार यादव, महेश कुमार आदि रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।



