अब ओडीईएक्स तकनीकी से होगा लोअर माल रोड ट्रीटमेंट का काम
नैनीताल के लोअर माल रोड के ट्रीटमेंट का काम अंतिम चरण में है। तकनीकी अड़चनों के बाद, टीएचडीसी ने ओडीईएक्स तकनीक का उपयोग करके स्थायी ट्रीटमेंट कार्य को आगे बढ़ाया है। 2018 में सड़क का एक हिस्सा नैनीझील में समा गया था, और अब नए डिज़ाइन के अनुसार काम तेजी से पूरा किया जाएगा।

नैनीताल, संवाददाता। शहर की लोअर माल रोड के ट्रीटमेंट का काम अब अंतिम चरण में है। माइक्रो पाइल ड्रिलिंग में आई तकनीकी अड़चन के बाद अब कार्यदायी संस्था टीएचडीसी स्थायी ट्रीटमेंट कार्य को ओडीईएक्स तकनीक से आगे बढ़ा रही है।2018 में लोअर मॉलरोड का करीब 25 मीटर हिस्सा नैनीझील में समा गया था। आठ निविदाओं के बाद कार्य स्टारकॉन इन्फ्रा प्रोजेक्ट इंडिया प्रालि दिल्ली को दिया गया और 2025 में कार्य शुरू हुआ था। काम में ड्रिलिंग के दौरान 350 मिमी व्यास के ड्रिल होल बार-बार ढहने की समस्या सामने आई थी। जांच में पाया कि नीचे की परत ढीली और असंगठित होने के कारण यह दिक्कत आ रही थी।
इसके बाद परीक्षण के तौर पर 300 मिमी व्यास के ड्रिल होल किए गए, जो सफल रहे। लोनिवि के सहायक अभियंता तुला राम टम्टा ने बताया कि अब 350 मिमी माइक्रो पाइल के लिए ओडीईएक्स तकनीक अपनाई जा रही है, जिसमें ड्रिलिंग और केसिंग एक साथ की जाती है, जिससे ढहने की समस्या नहीं आती। साथ ही 300 मिमी माइक्रो-पाइल के विकल्प को भी डिजाइन में शामिल किया गया है। विभाग ने कार्यदायी संस्था को संशोधित डिजाइन के अनुसार तेजी से काम पूरा करने के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि अब ओडीईएक्स तकनीक के इस्तेमाल से कार्य में आ रही बाधाएं दूर होंगी और लोअर मॉलरोड के स्थायी ट्रीटमेंट का काम जल्द पूरा किया जा सकेगा।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


