Nainital News: भूस्खलन के चलते छह घंटे बाधित रहा नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे

हिन्दुस्तान, नैनीताल
Follow us on Google News
share

Nainital News: नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे पर रविवार सुबह भारी मलबा गिरने से यातायात ठप हो गया। सुबह स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को काफी दिक्कतें आईं। मलबा हटाने के बाद करीब छह घंटे बाद यातायात को पुनः शुरू किया गया। पुलिस और स्थानीय प्रशासन ने मिलकर यातायात को सुचारू करने में मदद की।

भूस्खलन के चलते छह घंटे बाधित रहा नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे
भूस्खलन के चलते छह घंटे बाधित रहा नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे

Nainital News: नैनीताल, संवाददाता। यातायात के लिहाज से सबसे व्यस्त रहने वाले कुमाऊं के नैनीताल-हल्द्वानी (वाया ज्योलीकोट) हाईवे पर रविवार सुबह अचानक भारी मात्रा में मलबा आ गिरा। जिसके चलते यातायात पूरी तरह ठप हो गया। सुबह स्कूली बच्चों और नौकरीपेशा लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में काफी फजीहत उठानी पड़ी। हल्द्वानी और पहाड़ से दोगांव के पास पहुंचे वाहनों को लौटकर भीमताल मार्ग का इस्तेमाल करना पड़ा। करीब छह घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद मलबे को हाईवे से हटाकर जैसे-तैसे यातायात सुचारू कराया जा सका।शनिवार रात नैनीताल समेत जिले के पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश हुई थी। जिसके बाद रविवार को सुबह नैनीताल-हल्द्वानी (वाया ज्योलीकोट राष्ट्रीय राजमार्ग पर दोगांव के पास पहाड़ी अचानक टूटकर सड़क पर गिर गई।

जिससे सुबह 7 बजे से यातायात पूरी तरह ठप हो गया और वाहनों की लंबी कतारें दोनों ओर लग गईं। इस बीच दोपहर को हल्के वाहनों के लिए कई आंतरिक मार्गों पर यातायात डायवर्ट किया गया, जबकि अल्मोड़ा की तरफ से आने वाले भारी और बड़े यात्री वाहनों को भीमताल होते हुए हल्द्वानी भेजा गया। इसी तरह हल्द्वानी से वाया ज्योलीकोट होते हुए नैनीताल, भवाली और अल्मोड़ा की तरफ जाने वाले सभी वाहनों को भीमताल के रास्ते भेजा गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद लोनिवि एनएच खंड की ओर से जेसीबी भेजकर पहाड़ी से गिरे बोल्डरों और मलबे को हटाने का काम शुरू किया गया। सहायक अभियंता प्रमोद सुयाल ने बताया कि सूचना मिलते ही विभाग ने दो जेसीबी मशीनें लगाकर मलबा हटाने का काम शुरू किया। कड़ी मशक्कत के बाद दोपहर करीब एक बजे सड़क को खोल दिया गया। सुबह सात बजे से दोपहर एक बजे तक करीब छह घंटे सड़क बंद रहने के दौरान हल्द्वानी से नैनीताल आने-जाने वाले वाहनों को भीमताल मार्ग से भेजा गया। छह घंटे बाद सड़क खुलते ही हल्द्वानी-नैनीताल मार्ग पर यातायात सुचारू रूप से संचालित कर दिया गया।

Hindustan | Bureau

लेखक के बारे में

Hindustan | Bureau

हिन्दुस्तान भारत का एक प्रतिष्ठित हिंदी समाचार-पत्र है, जिसकी स्थापना 1936 में महामना पंडित मदन मोहन मालवीय ने की थी। स्वतंत्रता आंदोलन की विरासत को समेटे यह प्रकाशन आज भारत के सर्वाधिक पढ़े जाने वाले हिंदी समाचार-पत्रों में दूसरे स्थान पर है। WAN-IFRA के अनुसार, 2016 में 'हिन्दुस्तान' विश्व के शीर्ष 13 सर्वाधिक प्रसारित अखबारों में शामिल था। हर रोज 5 राज्‍यों सह‍ित देश की राजधानी द‍िल्‍ली और एनसीआर (नोएडा, गाज‍ियाबाद, गुरुग्राम) में 23 संस्‍करण प्रकाश‍ित होते हैं। ‘पाठक सर्वोपर‍ि’ हिन्दुस्तान की संपादकीय नीति है। समय पर, शोध और गहन खोजबीन के बाद व‍िस्‍तार से न्‍यूज र‍िपोर्ट प्रकाश‍ित की जाती है। हर खबर में सभी पक्षों और दृष्टिकोणों को संतुलित रूप से पेश किया जाता है।

और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।

Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़नैनीतालNainital News: भूस्खलन के चलते छह घंटे बाधित रहा नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे