Nainital News: वॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर ने मां नयना देवी मंदिर में किए दर्शन
Nainital News: बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर शारदीय नवरात्र के पहले दिन नैनीताल स्थित मां नयना देवी मंदिर पहुंचीं और पूजा-अर्चना कर देश व प्रशंसकों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की। उन्होंने नैनीझील और आसपास की प्राकृतिक सुंदरता की सराहना की। बाद में वह मल्लीताल के एक जिम में वर्कआउट के लिए पहुंचीं। जाह्नवी कपूर और रिया चक्रवर्ती अपनी फिल्म ‘पीएन 36’ की शूटिंग के लिए नैनीताल आई हैं।
Nainital News: नैनीताल, संवाददाता। बॉलीवुड अभिनेत्री जाह्नवी कपूर रविवार को शारदीय नवरात्र के पहले दिन नैनीताल स्थित मां नयना देवी मंदिर पहुंचीं। जहां उन्होंने पूजा-अर्चना कर मां का आशीर्वाद लिया। उन्होंने देश और अपने प्रशंसकों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना भी की।
मां नयना देवी मंदिर में जाह्नवी ने किए दर्शन
जानकारी के अनुसार, जाह्नवी कपूर दोपहर करीब 12:45 बजे पीले परिधान में मंदिर की पार्किंग के पास पहुंचीं। यहां से वे सुरक्षा टीम के साथ नंगे पैर मुख्य मंदिर परिसर तक पहुंचीं। मां नयना देवी के दर्शन के बाद उन्होंने मंदिर परिसर पूजा-अर्चना की। इस दौरान मंदिर में मौजूद श्रद्धालु और लोग अभिनेत्री को अपने बीच देख उत्साहित नजर आए। जाह्नवी ने भी हाथ जोड़कर लोगों का अभिवादन स्वीकार किया। मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद जाह्नवी नैनीझील और आसपास की प्राकृतिक सुंदरता निहारती नजर आईं। उन्होंने यहां की वादियों, झील और शांत मौसम की खूबसूरती की सराहना की। मां के दरबार में दर्शन कर उन्हें विशेष शांति का अनुभव होने की बात भी कही।
जिम में वर्कआउट के लिए पहुंचीं जाह्नवी
जिम पहुंचने की खबर पर जुटे प्रशंसक
फिल्म की शूटिंग में व्यस्त होने के बावजूद जाह्नवी ने अपने फिटनेस रूटीन को जारी रखा। मल्लीताल स्थित एक जिम में वो वर्कआउट के लिए पहुंचीं। अभिनेत्री के जिम में होने की जानकारी मिलते ही उनके प्रशंसक और स्थानीय युवा वहां जुटने लगे। इस दौरान प्रशंसकों में उनके साथ तस्वीरें खिंचवाने को लेकर खासा उत्साह भी दिखाई दिया। बता दें कि बॉलीवुड एक्ट्रेस जाह्नवी कपूर और रिया चक्रवर्ती अपनी नई थ्रिलर-रोमांटिक फिल्म ‘पीएन 36’ की शूटिंग को इन दिनों नैनीताल पहुंचीं हैं।

