उत्तराखंड की ओर मॉनसून; इन जिलों में भारी बारिश की चेतावनी, 2 जुलाई तक का अपडेट
अगले 2 से 3 दिनों में उत्तराखंड में मॉनसून दस्तक दे सकता है। इस वजह से पहाड़ी इलाकों में 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की और जाेरदार बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

उत्तराखंड में मौसम बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग ने अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून के उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में पहुंचने की संभावना जताई है। मौसम विभाग की मानें तो मॉनसून का उत्तरी हिस्सा सूरत, इंदौर, मंडला, डाल्टनगंज और मोतिहारी से होकर गुजर रहा है। अगले 2 से 3 दिनों में दक्षिण-पश्चिम मॉनसून उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ सकता है। इससे उत्तराखंड के अलग-अलग हिस्सों में तेज हवाओं के साथ जोरदार बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
मौसम विभाग ने उत्तराखंड के पहाड़ी जिलों पर नजर बनाए रखने के निर्देश जारी किए हैं। मौसम विभाग के अनुसार, 30 जून को पहाड़ी इलाकों में कुछ जगहों पर वज्रपात के साथ आंधी-तूफान और मूसलाधार बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इस दौरान तूफानी हवाओं की स्पीड 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की स्पीड से तेज हवाएं चलने की संभावना जताई है। खासतौर पर बागेश्वर, पिथौरागढ़, नैनीताल और चंपावत जिलों में कई जगहों पर आंधी-तूफान के साथ जोरदार बारिश की चेतावनी जारी की गई है।
30 जून और पहली जुलाई को इन जिलों में अलर्ट
30 जून को हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में भी कुछ जगहों पर आंधी-तूफान के साथ बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। पहली जुलाई को बारिश में और तेजी देखी जाएगी। 1 जुलाई को नैनीताल, चंपावत, देहरादून, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान की संभावना है।
दो जुलाई को इन जिलों में बारिश
2 जुलाई को नैनीताल, देहरादून, टिहरी, पौड़ी, चमोली और बागेश्वर जिलों में कुछ जगहों पर भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जिलों में कुछ जगहों पर बिजली कड़कने के साथ आंधी-तूफान की भी संभावना जताई गई है।
स्थानीय लोगों और पर्यटकों को एडवाइजरी
मौसम विभाग की ओर से भूस्खलन की आशंका वाले संवेदनशील इलाकों में रहने वाले लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। पर्यटकों और वाहन चालकों को बेहद सावधान रहने को कहा गया है।लोगों को सावधानी से यात्रा करने की सलाह दी गई है। नदियों या झरनों के पास रहने वाले लोगों को सतर्क किया गया है। आंधी तूफान और भारी बारिश के दौरान लोगों से गैरजरूरी यात्राएं करने से परहेज करने को कहा गया है। लोगों को घर के अंदर रहने और खिड़कियां-दरवाजे बंद रखने की सलाह दी गई है।


