Hindi Newsउत्तराखंड न्यूज़mansa devi haridwar stampede possible reason
भारी भीड़ और तभी करंट का हल्ला; हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर की सीढ़ियों पर कैसे गई 6 की जान

भारी भीड़ और तभी करंट का हल्ला; हरिद्वार में मनसा देवी मंदिर की सीढ़ियों पर कैसे गई 6 की जान

संक्षेप:

हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर रविवार को भयानक भगदड़ में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई जबकि बड़ी संख्या में लोग जख्मी हुए हैं। शुरुआती तौर पर कहा जा रहा है कि सीढ़ियों पर अचानक करंट लगने की अफवाह फैलने के बाद यह भगदड़ मची।

Sun, 27 July 2025 12:22 PMSudhir Jha लाइव हिन्दुस्तान, हरिद्वार
share Share
Follow Us on

हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर मार्ग पर रविवार को भयानक भगदड़ में कम से कम 6 लोगों की मौत हो गई जबकि बड़ी संख्या में लोग जख्मी हुए हैं। शुरुआती तौर पर सामने आया है कि सीढ़ियों पर बहुत अधिक भीड़ थी और अचानक वहां कुछ लोगों को करंट लगने की अफवाह फैल गई। करंट का हल्ला सुन लोग खुद को बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।

LiveHindustan को अपना पसंदीदा Google न्यूज़ सोर्स बनाएं – यहां क्लिक करें।

हादसा उस जगह पर हुआ है जहां से प्रसिद्ध मनसा देवी मंदिर के लिए चढ़ाई शुरू होती है। इसे राम प्रसाद की गली के रूप में जाना जाता है। सावन का महीना होने की वजह से हरिद्वार में हर दिन करोड़ों श्रद्धालु पहुंच रहे हैं और बड़ी संख्या में लोग गंगा स्नान के बाद मनसा देवी के दर्शन के लिए जाते हैं। कुछ श्रद्धालु रोपवे और बाकी सीढ़ियों के सहारे मंदिर तक पहुंचते हैं।

ये भी पढ़ें:हरिद्वार के मनसा देवी मंदिर में हादसा, भगदड़ में चली गई 6 लोगों की जान

हरिद्वार के एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोभाल ने न्यूज एजेंसी एएनआई से बातचीत में कहा कि 9 बजे उन्हें पुलिस कंट्रोल रूम के माध्यम से सूचना मिली थी कि मनसा देवी मंदिर मार्ग पर भगदड़ में कुछ लोग घायल हुए हैं। तत्काल पुलिसकर्मियों ने लोगों के सहयोग से 35 जख्मी को अस्पताल पहुंचाया। इनमें से 6 लोगों की मौत की पुष्टि हुई। भगदड़ की वजह को लेकर उन्होंने कहा, 'प्रथम दृष्टया यह समझ में आया है कि मंदिर मार्ग में करीब 100 मीटर नीचे सीढ़ियों पर करंट फैलने की अफवाह के बाद भगदड़ हुई। अभी कारणों की जांच की जा रही है।' बिहार से आए एक घायल श्रद्धालु ने कहा कि अचानक वहां बहुत भीड़ हो गई थी। बहुत से लोग गिर गए। भागदड़ में बहुत से लोगों को नुकसान हुआ है।

मुख्यमंत्री ने किया मुआवजे का ऐलान, जांच के आदेश

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने घटना पर दुख जाहिर करते हुए कहा कि स्थिति की लगातार निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने पीड़ितों के लिए मुआवजे का ऐलान भी किया। प्रदेश सरकार की ओर से मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख रुपये और घायलों को 50-50 हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जाएगी। मुख्यमंत्री ने घटना के मजिस्ट्रियल जांच के निर्देश भी दिए हैं।

उन्होंने एक्स पर कहा, 'हरिद्वार स्थित मनसा देवी मंदिर मार्ग में भगदड़ मचने का अत्यंत दुःखद समाचार प्राप्त हुआ है। उत्तराखंड एसडीआरएफ, स्थानीय पुलिस और अन्य बचाव दल मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्यों में जुटे हुए हैं। इस संबंध में निरंतर स्थानीय प्रशासन के संपर्क में हूं और स्थिति पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। माता रानी से सभी श्रद्धालुओं के सकुशल होने की प्रार्थना करता हूं।'

Sudhir Jha

लेखक के बारे में

Sudhir Jha
डिजिटल और प्रिंट मीडिया में डेढ़ दशक का अनुभव। भारतीय राजनीति के साथ एशियाई और वैश्विक मामलों की समझ। अर्थशास्त्र और खेल में भी रुचि। जम्मू-कश्मीर, लखनऊ और दिल्ली में पत्रकारिता कर चुके हैं। लाइव हिन्दुस्तान से पहले आज समाज, दैनिक जागरण, दैनिक भास्कर, न्यूज ट्रैक, नवभारत टाइम्स में सेवा दे चुके हैं। दिल्ली यूनिवर्सिटी के साउथ कैंपस से हिंदी पत्रकारिता में पोस्ट ग्रैजुएशन डिप्लोमा से पहले कंप्यूटर साइंस में ग्रैजुएशन किया है। जन्म बिहार में हुआ और पले-बढ़े मेरठ में। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।