
पूर्व कैबिनेट मंत्री व कार्यकर्ताओं ने दी श्रद्धांजलि
कोटद्वार। महावीर चक्र से सम्मानित व 1962 के भारत-चीन युद्ध के महानायक अमर शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह रावत की पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को पूर्व कैबिन
महावीर चक्र से सम्मानित व 1962 के भारत-चीन युद्ध के महानायक अमर शहीद राइफलमैन जसवंत सिंह रावत की पुण्यतिथि के अवसर पर सोमवार को पूर्व कैबिनेट मंत्री सुरेंद्र सिंह नेगी के आवास पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया, जहां पूर्व कैबिनेट मंत्री व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की। मौके पर पूर्व कैबिनेट मंत्री ने कहा कि अमर शहीद जसवंत सिंह रावत केवल एक नाम नहीं, बल्कि साहस, समर्पण और राष्ट्रभक्ति का ध्वज हैं। उनका जीवन-चरित्र आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरित करता रहेगा। हमें गर्व है कि उत्तराखंड की पवित्र धरती ने ऐसे योद्धा को जन्म दिया। कहा कि पौड़ी जनपद के बीरोंखाल ब्लॉक के ग्राम बड्यूण में जन्मे जसवंत सिंह मात्र 19 वर्ष की आयु में सेना में भर्ती हो गये थे।

1962 के भारत-चीन युद्ध के दौरान अरूणाचल प्रदेश के नूरानांग में तैनाती के दौरान उन्होंने 72 घंटे तक अकेले मोर्चा संभालकर 300 से अधिक चीनी सैनिकों को आगे बढ़ने से रोककर असाधारण रणनीति,युद्ध-कौशल एवं वीरता का परिचय दिया। तवांग क्षेत्र में स्थित जसवंतगढ़ स्मारक में उन्हें आज भी एक जीवित सैनिक के रूप में सम्मान दिया जाता है। उनकी वर्दी, बिस्तर और कमरे को इस प्रकार सजाकर रखा जाता है, मानो वे लौटकर अभी आदेश देंगे। भारतीय सेना के अधिकारी-जवान प्रतिदिन उनकी प्रतिमा के समक्ष सिर झुकाकर सलामी देते हैं। हम सबका दायित्व है कि ऐसे शहीदों की गाथा नई पीढ़ी तक पहुंचाएं। इस अवसर पर महानगर महिला कांग्रेस अध्यक्ष मीना बछुवाण, संजय मित्तल , कार्यकारी अध्यक्ष प्रवीन रावत , प्रदेश सचिव गणेश नेगी, बृजपाल सिंह नेगी , पूर्व राज्य मंत्री विजय नारायण, चंद्रमोहन खर्कवाल और सुनील सेमवाल सहित अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




