टपकती छत के नीचे शिक्षा ग्रहण करने पर मजबूर छात्र
कोटद्वार के आदर्श राजकीय इंटर कालेज की स्थिति बेहद खराब है। दीवारें और लेंटर गिरने का खतरा है। यहां 416 छात्र और 90 छात्राएं शिक्षा ले रहे हैं, लेकिन विद्यालय प्रशासन की मरम्मत की मांग पर ध्यान नहीं...
कोटद्वार के लालबत्ती चौक पर स्थित आदर्श राजकीय इंटर कालेज की हालत बेहद खराब बनी हुई है। लेंटर और दीवारें कब भरभराकर नीचे आ जाये कुछ कहा नहीं जा सकता है। जान जोखिम में डाल कर बच्चे यहां शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। महत्वपूर्ण बात यह है कि अंक सुधार परीक्षा के लिए इस विद्यालय को जनपद का संकलन केन्द्र बनाया गया है और परीक्षा की कॉपी भी इसी विद्यालय में जांची जानी है। वर्तमान में इस विद्यालय में 416 छात्र और 90 छात्राएं अध्ययनरत हैं। इसके साथ ही लगभग 42 लोगों का स्टाफ है। विद्यालय प्रशासन जीर्ण-शीर्ण भवनों की मरम्मत कराने की लगातार मांग करता आ रहा है।

लेकिन जिम्मेदार तंत्र सुध लेने को तैयार नहीं है। कुछ साल पूर्व मंडी समिति की ओर से इसकी डीपीआर बनाकर शासन को भेजी भी गई थी लेकिन फाइल अब तक शासन में धूल फांक रही है। बारिश के मौसम में स्कूल की छत से पानी टपकना और सीमेंट का झड़ना आम बात हो गई है। स्कूल का एक हिस्सा इतना जर्जर हो चुका है कि उसका उपयोग पूरी तरह बंद कर दिया गया है। छत से गिरते प्लास्टर और सीमेंट के टुकड़े छात्रों के लिए जानलेवा खतरा बन गए हैं। बारिश के दौरान फर्श पर काई जम जाती है, जिससे फिसलने का खतरा भी रहता है। यहां शौचालय की स्थिति भी दयनीय बनी हुई है जिससे छात्रों को परेशानी होती है। विद्यालय के प्रधानाचार्य मोहन सिंह रावत ने बताया कि बिल्डिंग की हालत काफी जर्जर बनी हुई है और किसी भी वक्त कोई बड़ा हादसा होने से इंकार नहीं किया जा सकता है। बताया कि समग्र शिक्षा को चार कक्षा कक्षों के निर्माण का प्रस्ताव भेजा गया है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


