मरम्मत और निर्माण कार्य का जायजा लिया
संक्षेप: अपर सचिव आयुष शिक्षा विभाग डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने हल्दूखाता में 50 बेड के आयुष अस्पताल और सिंबलचौड़ में 10 बेड के अस्पताल के निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। उन्होंने गुणवत्ता और समय...
अपर सचिव आयुष शिक्षा विभाग एवं निदेशक डॉ. विजय कुमार जोगदंडे ने मंगलवार को कोटद्वार क्षेत्र के हल्दूखाता में बन रहे 50 बेड के आयुष अस्पताल और सिंबलचौड़ में 10 बेड के अस्पताल में चल रहे मरम्मत एवं निर्माण कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने कार्यदायी संस्था पेयजल निगम को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से कार्य पूरा करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने हल्दूखाता में निर्माणाधीन अस्पताल की इमारत, बाहरी परिसर और अधोसंरचना की बारीकी से जांच की। उन्होंने अस्पताल परिसर के बाहर वर्षा जल जमा होने पर पेयजल निगम के अधिकारियों को तत्काल जल निकासी की प्रभावी व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिये।
उन्होंने यह भी कहा कि अस्पताल निर्माण में उपयोग हो रही सभी सामग्रियों की सैंपलिंग कराएं, ताकि गुणवत्ता में कोई कमी न रहे। इसके उपरांत उन्होंने सिंबलचौड़ स्थित 10 बेड के अस्पताल में चल रहे मरम्मत कार्यों का भी निरीक्षण किया। जहां उन्होंने पेयजल निगम को 15 दिनों के भीतर सभी कार्य पूर्ण करने के सख़्त निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि अस्पतालों के संचालन में विलंब से जनता को नुकसान होता है, इसलिए समयबद्धता और पारदर्शिता सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। इस अवसर पर उपजिलाधिकारी कोटद्वार शालिनी मौर्य, जिला आयुर्वेदिक एवं यूनानी अधिकारी शैलेंद्र पांडेय, अधिशासी अभियंता पेयजल निगम वीरेंद्र भट्ट, तहसीलदार साक्षी उपाध्याय सहित अन्य उपस्थित रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




