
भैयादूज पर भगवान केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद, इस साल यात्रा ने तोड़े सारे रिकॉर्ड
Kedarnath Yatra: भैयादूज के पावन पर्व पर केदारनाथ के कपाट शीतकाल के लिए बंद हो गए। इस साल केदार बाबा के धाम में यात्रा ने सारे रिकॉर्ड तोड़े। सरकारी आंकड़ों के अनुसार बुधवार शाम तक 17 लाख 57 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके थे।
Kedarnath Yatra: उत्तराखंड के गढ़वाल हिमालय में स्थित भगवान शिव के पवित्र धाम केदारनाथ के कपाट भैयादूज के पावन पर्व पर गुरुवार सुबह विधि-विधान के साथ शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए। वैदिक मंत्रोच्चार और विशेष पूजाओं के बीच सुबह साढ़े आठ बजे कपाट बंद किए गए, जिसके बाद पूरी केदारघाटी हर-हर महादेव और बम-बम बोले के जयघोष से गूंज उठी। इस मौके पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, बदरी-केदारनाथ मंदिर समिति के पदाधिकारी, धर्माधिकारी और बड़ी संख्या में तीर्थ पुरोहित व श्रद्धालु मौजूद रहे ।
कपाट बंद होने के साथ ही भगवान केदारनाथ की उत्सव डोली शीतकालीन प्रवास के लिए रवाना हो गई है। डोली गुरुवार रात रामपुर में विश्राम करेगी, शुक्रवार को गुप्तकाशी पहुंचेगी और 25 अक्टूबर को शीतकालीन गद्दीस्थल उखीमठ के ओंकारेश्वर मंदिर पहुंचेगी। यहीं अगले छह माह तक बाबा केदार की पूजा-अर्चना होगी। स्थानीय परंपरा के अनुसार, सर्दियों में जब केदारनाथ धाम में बर्फबारी होती है, तो भगवान की पूजा उखीमठ में विशेष नियमों से की जाती है ।
यात्रा ने तोड़े सारे रिकॉर्ड
इस बार केदारनाथ धाम की यात्रा ने सभी पुराने रिकॉर्ड तोड़ दिए। सरकारी आंकड़ों के अनुसार बुधवार शाम तक 17 लाख 57 हजार से अधिक श्रद्धालु बाबा केदार के दर्शन कर चुके थे। यात्रा के दौरान केदारघाटी में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही और पूरी यात्रा अवधि में सुरक्षा एवं व्यवस्थाएं प्रभावी रहीं। प्रशासन और मंदिर समिति ने बताया कि इस मौसम में तीर्थयात्रियों की संख्या में अब तक की सबसे बड़ी बढ़ोतरी दर्ज की गई है।
कब खुलेंगे कपाट
बाबा केदारनाथ के कपाट अब अगले वर्ष अप्रैल या मई में खुलेंगे, जिसकी घोषणा परंपरानुसार महाशिवरात्रि पर्व पर उखीमठ में की जाएगी। इस दिन पंचांग और ज्योतिष के हिसाब से तिथि और मुहूर्त तय किया जाएगा। तब तक बाबा की आराधना का स्थल ओंकारेश्वर मंदिर ही रहेगा, जहां भक्त छह माह तक दर्शन कर पुण्य लाभ प्राप्त कर सकेंगे।

लेखक के बारे में
Gaurav Kalaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




