Chardham Weather: केदारनाथ-बदरीनाथ में भारी बारिश, पहाड़ी गिरने से यात्रा रुकी; चारों धाम में कैसा मौसम
Chardham Weather: केदारनाथ और बदरीनाथ मार्ग भारी बारिश के कारण बंद हैं। पहाड़ी गिरने से दोनों रास्ते बंद हैं। मौसम विभाग ने आज चारधामों समेत कई इलाकों में भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है।
Chardham Weather Today: उत्तराखंड में पिछले चार दिनों से बारिश हो रही है। मौसम विभाग ने आज भी उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है। इनमें उत्तरकाशी (गंगोत्री और यमुनोत्री), चमोली (बदरीनाथ) और रुद्रप्रयाग (केदारनाथ) जिलों में विशेष अलर्ट है। आज सुबह केदारनाथ पैदल मार्ग पहाड़ी गिरने से बंद हो गया। वहीं, बदरीनाथ हाईवे भी गुलाबकोटी के पास बंद है।
जानकारी के अनुसार, केदारघाटी में रात्रि से बारिश हो रही है। जिसके चलते गौरीकुंड से लगभग 1 किमी आगे छौड़ी के पास केदारनाथ पैदल मार्ग पर बोल्डर्स (पत्थर) गिरने के कारण मार्ग आवागमन के लिए बाधित हो गया है। यात्रियों को सुरक्षित स्थानों पर रुकवाया गया है। वहीं, पुलिस और स्थानीय लोगों द्वारा रास्ता साफ किया जा रहा है। खबर लिखे जाने तक मार्ग बंद पड़ा है।
एक दिन पहले ही चारधाम रूट खुला था
बता दें कि उत्तराखंड में मौसम की दुष्वारियों के कारण चारधाम रूट एक दिन पहले ही खुला था। गढ़वाल कमिश्नर आनंद स्वरूप ने बीते रोज बारिश को देखते हुए यात्रा को अस्थायी रूप से रोक लगा दी थी। मौसम साफ होने पर चारधाम यात्रा को मंगलवार से शुरू कर दिया था। लोक निर्माण विभाग के अनुसार, राज्यभर में भूस्खलन और भारी बारिश के चलते अभी भी 54 सड़कें बंद हैं। यह आंकड़ा पहले 142 था, जिन्हें मंगलवार देर रात तक खोल दिया गया।
चारधामों के अन्य रूटों पर क्या हालात
चारधाम के अन्य रूटों की बात करें तो बदरीनाथ हाईवे भनेरपानी और गुलाबकोटी पर बंद है। बताया जा रहा है कि भारी बारिश और भूस्खलन के कारण मार्ग पर पत्थर गिर गए हैं। वहीं, गंगोत्री और यमुनोत्री की बात करें तो आज सुबह तक ये दोनों धाम खुले हैं और यात्रा सुचारू रूप से जारी है। हालांकि सुबह से यहां कई इलाकों में बारिश हो रही है।
भूस्खलन और भारी बारिश के चलते यात्रियों को चेतावनी
गढ़वाल कमिश्नर ने बताया कि चारधाम यात्रा से जुड़े सभी जिलों के प्रशासन, पुलिस, एसडीआरएफ तथा संबंधित विभागों के साथ समन्वय बनाकर यात्रा का संचालन किया जा रहा है। यात्रा मार्गों की निरंतर निगरानी की जा रही है तथा संवेदनशील क्षेत्रों पर विशेष सतर्कता बरती जा रही है।
उन्होंने यात्रियों से अपील की कि यात्रा के दौरान यदि किसी स्थान पर भारी वर्षा, भूस्खलन अथवा अन्य कारणों से यात्रा मार्ग अस्थायी रूप से बाधित होता है, तो वे प्रशासन द्वारा निर्धारित सुरक्षित स्थानों अथवा होल्डिंग एरिया में ही रुकें तथा प्रशासन एवं पुलिस द्वारा जारी निर्देशों का पूर्णतः पालन करें। परिस्थितियां सामान्य होने के बाद ही यात्रा को आगे बढ़ाया जाएगा।


