पति और ससुरालियों पर दहेज के लिये प्रताड़ित करने का आरोप लगाया
बाजपुर की एक महिला ने दहेज के लिए प्रताड़ित करने, यातनाएं देने और जान से मारने के प्रयास का आरोप लगाते हुए अपने पति और ससुरालियों के खिलाफ शिकायत दी है। विवाह के बाद से दहेज की मांग को लेकर उसे परेशान...

बाजपुर, संवाददाता। सुल्तानपुर पट्टी चौकी क्षेत्र के गांव सीता कॉलोनी निवासी एक महिला ने बुधवार को कोतवाली में शिकायत देकर अपने पति समेत अन्य परिजनों पर दहेज के लिए उसको प्रताड़ित करने, दहेज न देने पर उसको यातनाएं देने तथा जान से करने का प्रयास करने का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है। पुलिस को दी तहरीर में विवाहिता ने बताया कि उसका विवाह 2021 में किच्छा निवासी एक युवक के साथ हुआ था। आरोप लगाया कि शादी के बाद से ही उसके ससुरालियों ने कम दहेज को लेकर इसको ताने देने शुरू कर दिए जिसको लेकर उनके परिवार में मनमुटाव रहने लगा। आरोप लगाया कि जब उसने उनकी मांगों को पूरा नहीं किया तो उसके पति और ससुरालियों ने उसको यातनाएं देनी शुरू की। ये भी आरोप लगाया कि इसके ससुरालियों ने इसको करंट लगाया और पंखे से लटका कर जान से मारने की कोशिश भी की। ये भी बताया कि जब उसने एक सौ गज का प्लॉट अपने पति के नाम किया तब जाकर इसको बख्शा गया। कुछ समय तो ठीक रहा लेकिन उसके बाद फिर से वही यातनाएं देने लगे। बीती 5 फरवरी को इसके परिजनों ने इसके संग मारपीट की जिसके बाद इसको घर से धक्के देकर बाहर निकाल दिया। महिला ने पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने जांच के बाद कार्रवाई का भरोसा दिया है।
लेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।