परिवार सगाई में मस्त, रास्ता भटके दो मासूम
मां-बाप की लापरवाही से दो मासूम राह भटक गए। दोनों चलते-चलते चैती चौराहा पहुंच गए। गनीमत रही यहां पुलिस की मासूम बच्चों पर नजर पड़ गई। नहीं तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।बुधवार करीब दोपहर 12 बजे चैती चौराहे...
मां-बाप की लापरवाही से दो मासूम राह भटक गए। दोनों चलते-चलते चैती चौराहा पहुंच गए। गनीमत रही यहां पुलिस की मासूम बच्चों पर नजर पड़ गई। नहीं तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी।बुधवार करीब दोपहर 12 बजे चैती चौराहे पर महिला सिपाही गंगा बिष्ट को दो मासूम बच्चे घूमते दिखाई दिए। गंगा ने जब दोनों से मम्मी-पापा के बारे में पूछा तो वे कुछ नहीं बता सके। इस पर गंगा दोनों को आईटीआई थाने ले आई। यहां महिला दरोगा सुप्रिया नेगी ने भी बच्चों से उनका नाम और पता पूछा। इस पर बच्चे घबराकर रोने लगे। करीब एक घंटे बाद एसओ जसबीर चौहान ने थाने से दो लोगों को मोटरसाइकिल से बच्चों के साथ उनका घर तलाशने भेजा। पहले बच्चे पुलिसकर्मियों को जसपुर खुर्द की तरफ ले गए। यहां आकर वे दोबारा रोने लगे। इस पर पुलिसकर्मी दोनों को फिर से चैती चौराहा ले आए। यहां से जैसे ही दोनों को खड़कपुर देवीपुरा जाने वाले रास्ते पर ले जाने लगे तो बच्चों का पिता उन्हें ढूंढता हुआ सामने आ गया। इसके बाद पुलिस परिजनों को थाने ले आई। बच्चों के पिता मानपुर रोड निवासी राजू सिंह ने बताया कि उनके बेटे का नाम सुमित (5) और बेटी का नाम भावना (3) है। बताया कि शुगर मिल के पास ही उसकी ससुराल है। जहां पर उसकी साली की बुधवार को सगाई थी। वहां से सुबह करीब 11 बजे दोनों बच्चे संदिग्ध हाल में लापता हो गए थे। इधर, बच्चों ने बताया कि वे चलते-चलते दो किलोमीटर दूर चैती चौराहा पहुंच गए थे। इस दौरान थानाध्यक्ष ने मासूम के परिजनों को लापरवाही पर जमकर फटकार लगाई। बाद में बच्चों को परिजनों के हवाले कर दिया गया।