Kashipur News: हास्य श्रृंगार से भरी रचनाओं ने श्रोताओं को किया मंत्रमुग्ध
Kashipur News: काशीपुर, संवाददाता। साहित्य दर्पण समिति की मासिक काव्य गोष्ठी में कवियों ने अपनी श्रेष्ठ रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हास्य और श

Kashipur News: काशीपुर, संवाददाता। साहित्य दर्पण समिति की मासिक काव्य गोष्ठी में कवियों ने अपनी श्रेष्ठ रचनाएं प्रस्तुत कर श्रोताओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। हास्य और श्रृंगार से सजी रचनाओं पर श्रोताओं ने जमकर तालियां बजाईं। रविवार को उदयराज हिंदू इंटर कॉलेज के प्रेक्षागृह परिसर स्थित सभागार में आयोजित गोष्ठी का शुभारंभ मुख्य अतिथि प्रधानाचार्य बृजेश कुमार गुप्ता, समिति संरक्षक डॉ. यशपाल सिंह रावत समेत अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर किया। कवि सोमपाल प्रजापति सोम ने मां शारदे की वंदना से काव्य गोष्ठी का शुभारंभ किया। आयोजक गीतकार विजय प्रकाश कुशवाहा ने अपनी रचना प्रस्तुत की। कवि वीके मिश्रा ने भी रचना सुनाई।
हास्य कवि डॉ. प्रतोष मिश्रा ने अपनी हास्य रचना से श्रोताओं को गुदगुदाया। व्यंग्यकार डॉ. मनोज आर्य, कवि डॉ. यशपाल सिंह रावत और समिति अध्यक्ष कवि जेके कटियार ने भी अपनी रचनाएं प्रस्तुत कर खूब वाहवाही लूटी। इसके साथ ही कवि सुरेंद्र मधुर, कुमार विवेक मानस, अर्चना लोहनी, सरोज ठाकुर और अनीता पंत आदि ने भी काव्य पाठ किया। इस मौके पर अग्रवाल सभा अध्यक्ष मनोज कुमार अग्रवाल, मेजर मुनीशकांत शर्मा, प्रबंध समिति सदस्य एडवोकेट ऋषि अग्रवाल, अभिषेक गोयल, संजय शर्मा, कौशलेश गुप्ता, अरुण पंत, दीपक शर्मा आदि मौजूद रहे।


