माटी कला बोर्ड उपाध्यक्ष पद पर गैर प्रजापति समाज की नियुक्ति पर जताया विरोध
उत्तराखंड माटीकला बोर्ड के उपाध्यक्ष पद पर गैर प्रजापति समाज के व्यक्ति की नियुक्ति पर प्रजापति महासभा उत्तराखंड ने विरोध जताया l

काशीपुर। उत्तराखंड माटीकला बोर्ड के उपाध्यक्ष पद पर गैर प्रजापति समाज के व्यक्ति की नियुक्ति के विरोध में प्रजापति महासभा उत्तराखंड ने शुक्रवार को एसडीएम के माध्यम से राज्यपाल को ज्ञापन भेजा। समाज के लोगों ने नियुक्ति पर पुनर्विचार की मांग की। ज्ञापन में कहा गया कि माटीकला बोर्ड का गठन कुम्हार (प्रजापति) समाज के पारंपरिक व्यवसाय, कला और हितों के संरक्षण व संवर्धन के उद्देश्य से किया गया है। बोर्ड सीधे तौर पर प्रजापति समाज के सामाजिक और आर्थिक उत्थान से जुड़ा हुआ है। ऐसे में उपाध्यक्ष पद पर गैर प्रजापति समाज के व्यक्ति की नियुक्ति से समाज में गहरा रोष है।
महासभा का कहना है कि जिस बोर्ड का संबंध प्रजापति समाज के पारंपरिक व्यवसाय और हितों से है, उसके महत्वपूर्ण पदों पर समाज के योग्य, अनुभवी और समर्पित लोगों को ही अवसर मिलना चाहिए। उन्होंने राज्यपाल से निर्णय पर पुनर्विचार कर समाज के प्रतिनिधि को जिम्मेदारी देने की मांग की। ज्ञापन देने वालों में कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष गोकुल सिंह प्रजापति, आदेश प्रजापति, बलराम प्रजापति, डोरीलाल प्रजापति, विजयपाल प्रजापति, सीपी सिंह प्रजापति, रामसिंह प्रजापति, करन सिंह प्रजापति, प्रशांति सिंह एडवोकेट सहित कई लोग मौजूद रहे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


