Kashipur News: बाजपुर में दैनिक कर्मियों का आंदोलन उग्र, आमरण अनशन का पांचवां दिन,
Kashipur News: नगर पालिका परिषद में पिछले 35 से अधिक वर्षों से सेवाएं दे रहे दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर चल रहा आंदोलन अब बेहद उग्र रूप

Kashipur News: बाजपुर, संवाददाता। नगर पालिका परिषद में 35 वर्ष से अधिक समय से कार्यरत दैनिक वेतनभोगी कर्मचारियों के नियमितीकरण की मांग को लेकर आंदोलन लगातार तेज होता जा रहा है। संयुक्त मोर्चा उत्तराखंड निकाय कर्मचारी महासंघ और देवभूमि उत्तराखंड सफाई कर्मचारी संघ के बैनर तले चल रहा शाखा अध्यक्ष सीताराम तिवारी का आमरण अनशन मंगलवार को पांचवें दिन भी जारी रहा। अनशन की गंभीरता को देखते हुए एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा और प्रभारी ईओ एवं तहसीलदार प्रताप सिंह चौहान अनशन स्थल पहुंचे। अधिकारियों ने सीताराम तिवारी के गिरते स्वास्थ्य का हवाला देते हुए अनशन समाप्त करने की अपील की और मांगों पर सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिया।
लेकिन तिवारी ने स्पष्ट कहा कि जब तक शासन स्तर से नियमितीकरण का लिखित आदेश या ठोस आश्वासन नहीं मिलता, तब तक अनशन समाप्त नहीं होगा। उन्होंने कहा कि अब यहां से या तो उनकी लाश उठेगी या फिर नियमितीकरण का आदेश मिलेगा। इधर, कर्मचारियों की पूर्ण कामबंद हड़ताल से नगर की सफाई व्यवस्था चरमरा गई है। बरसात के मौसम में जगह-जगह कूड़े के ढेर लगने से संक्रामक बीमारियों का खतरा बढ़ गया है और लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आंदोलन को मंगलवार को कांग्रेस तथा स्थानीय सर्राफा एसोसिएशन समेत कई सामाजिक संगठनों ने भी समर्थन दिया। कांग्रेस ने नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य से अनशनकारियों की फोन पर बातचीत भी कराई।


