Kashipur News: बाजपुर चीनी मिल में स्क्रैप बिक्री पर भारी बवाल,
Kashipur News: सहकारी चीनी मिल में स्क्रैप बिक्री के दौरान कथित घटतौल का बड़ा मामला सामने आने से हड़कंप मच गया है। स्क्रैप से भरे एक ट्रक के वजन में भारी अंतर मिलने पर
Kashipur News: बाजपुर, संवाददाता। बाजपुर सहकारी चीनी मिल में स्क्रैप बिक्री के दौरान कथित घटतौली का मामला सामने आने के बाद मंगलवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं और किसानों ने मिल परिसर में जमकर हंगामा किया। स्क्रैप से भरे एक ट्रक के वजन में दो अलग-अलग धर्मकांटों पर भारी अंतर मिलने का दावा करते हुए प्रदर्शनकारियों ने मिल प्रबंधन, शासन और प्रशासन पर मिलीभगत का आरोप लगाया। स्थिति तनावपूर्ण होने पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर ट्रक और चालक को अपने कब्जे में ले लिया, जबकि एसडीएम ने मामले की निष्पक्ष जांच का भरोसा दिया। जानकारी के अनुसार, चीनी मिल से स्क्रैप लेकर निकले एक ट्रक की आधिकारिक वजन पर्ची में उसका शुद्ध वजन 63 क्विंटल दर्ज था।
कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संदेह होने पर उन्होंने मिल के बाहर स्थित एक निजी धर्मकांटे पर ट्रक का दोबारा वजन कराया। उनका दावा है कि वहां ट्रक का शुद्ध वजन 196 क्विंटल निकला। दोनों वजन में 133 क्विंटल का अंतर सामने आने पर कार्यकर्ताओं और किसानों ने इसे बड़े पैमाने पर घटतौली और स्क्रैप चोरी का मामला बताते हुए मिल परिसर में विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और एहतियातन ट्रक व चालक को हिरासत में लेकर कोतवाली भेज दिया। इसके बाद बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता चीनी मिल के प्रशासनिक भवन पहुंचे, जहां अधिकारियों के साथ उनकी तीखी नोकझोंक हुई। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लंबे समय से मिल की संपत्ति को नुकसान पहुंचाने का खेल चल रहा है। आक्रोशित किसानों ने जांच से संबंधित अभिलेखों और रजिस्टरों को भी अपने कब्जे में ले लिया। हंगामे की सूचना पर मिल की प्रशासक एवं एसडीएम डॉ. अमृता शर्मा भी मौके पर पहुंचीं। उन्हें प्रदर्शनकारियों के विरोध का सामना करना पड़ा। एसडीएम ने ट्रक को कोतवाली में सुरक्षित खड़ा कराने के निर्देश देते हुए कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच कराई जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि जांच में जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाएगा, उसके खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी। यहां भाकियू के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष कर्म सिंह पड्डा, पालिकाध्यक्ष गुरजीत सिंह पूनिया, डीके जोशी, नवदीप कंग, बलवीर कालू, परवेज शेख, आशु तिवारी, विक्की रंधावा, हरप्रीत निज्जर, नितिन बिष्ट सहित बड़ी संख्या में किसान और कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे。
बुधवार सुबह नौ बजे से धरने की चेतावनी
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि सहकारी चीनी मिल को सुनियोजित तरीके से नुकसान पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि मामले में दोषियों पर कार्रवाई नहीं हुई तो बुधवार सुबह नौ बजे से चीनी मिल के मुख्य गेट पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू किया जाएगा।


