साइबर फ्रॉड में शाखा प्रबंधक समेत सात लोगों पर केस
पुलिस ने साइबर फ्राड के दो केसों में एचडीएफसी बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक समेत सात लोगों पर केस दर्ज कर कार्रवाही शुरू कर दी है।

जसपुर, संवाददाता। पुलिस ने साइबर फ्रॉड के दो अलग-अलग मामलों में एचडीएफसी बैंक के तत्कालीन शाखा प्रबंधक समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। दोनों मामलों में आरोपियों पर सुनियोजित तरीके से लाखों रुपये के साइबर फ्रॉड को अंजाम देने का आरोप है। पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। पहले मामले में ग्राम भोगपुर निवासी चरणजीत सिंह ने तहरीर देकर बताया कि सुखदेव सिंह, रेशम सिंह पुत्र ज्ञान सिंह, जगरूप सिंह पुत्र बलवंत सिंह (सभी निवासी ग्राम भोगपुर) तथा विक्की पुत्र चंद्रपाल निवासी फतेहपुर, थाना रेहड़, बिजनौर पर उसके डेढ़ लाख रुपये थे। आरोपियों ने उसे भरोसा दिलाया कि उसके खाते में चार लाख रुपये मंगवाए जाएंगे, जिसमें से वह अपने डेढ़ लाख काटकर शेष रकम उन्हें दे देगा।
आरोप है कि आरोपियों ने साइबर फ्रॉड की रकम 8.21 लाख रुपये उसके पुत्र अमनजीत सिंह के एचडीएफसी बैंक खाते में डलवा दी। खाते में अधिक रकम आने पर पीड़ित ने न तो राशि निकाली और न ही उसका उपयोग किया, बल्कि खाता बंद कराने के लिए बैंक शाखा में प्रार्थना पत्र दे दिया। इसके बावजूद आरोप है कि आरोपियों ने तत्कालीन शाखा प्रबंधक की मिलीभगत से उक्त रकम राजेंद्र सिंह पुत्र मेघा सिंह निवासी फतेहपुर, रेहड़ (बिजनौर) के खाते में ट्रांसफर कर विक्की के माध्यम से निकाल ली। दूसरे मामले में चेन्नई निवासी सुरेंद्र सिंह के साथ ऑनलाइन ट्रेडिंग के नाम पर 31 लाख रुपये की ठगी का आरोप है। बताया गया कि मोहल्ला नई बस्ती निवासी अरमान पुत्र मदिनूररहमान और आलम पुत्र इस्लामुद्दीन ने साइबर फ्रॉड गैंग के साथ मिलकर वारदात को अंजाम दिया। इस प्रकरण में पांच लाख रुपये अरमान के खाते में आए थे। एसएसआई जावेद मलिक ने बताया कि दोनों मामलों में तत्कालीन शाखा प्रबंधक सहित सात आरोपियों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है। मामला करीब तीन माह पुराना बताया जा रहा है।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




