सभी मिलकर सकारात्मक सोच के साथ करें कार्य : सिंघल
संक्षेप: अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक सिंघल ने कहा कि फेडरेशन देश भर में फैले वैश्य समाज को ही नहीं बल्कि हांगकांग,दुवई, नेपाल, थाईलैंड
काशीपुर, संवाददाता। अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन के प्रदेश अध्यक्ष दीपक सिंघल ने कहा कि फेडरेशन देश भर में फैले वैश्य समाज को ही नहीं बल्कि हांगकांग, दुबई, नेपाल, थाईलैंड, संयुक्त राज्य अमेरिका समेत विभिन्न देशों में भी वैश्य समाज को सामाजिक, आर्थिक, राजनीतिक, सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के साथ-साथ उनके हितों के लिए संघर्ष के लिए सदैव तत्पर रहता है। उन्होंने कहा कि समाज के सभी लोग मिलकर सकारात्मक सोच के साथ कार्य करें। प्रदेश अध्यक्ष सिंघल ने बुधवार को बाजपुर रोड स्थित एक निजी प्रतिष्ठान पर संगठनात्मक जिला काशीपुर शाखा पदाधिकारियों की बैठक कर आगामी कार्यक्रमों को साझा किया। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि वैश्य समाज के 367 घटकों को एक सूत्र में पिरोने वाला अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन देशभर में ही नही विदेशों में भी उनके हितों के लिए संघर्ष के लिए सदैव तत्पर रहता है।

आगामी कार्यक्रमों के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन उत्तराखंड और बालाजी सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में आगामी 28 दिसंबर को देहरादून के हिंदू नेशनल इंटर कॉलेज में 51 से अधिक सभी वर्गों की कन्याओं का सामूहिक विवाह किया जाएगा। वहीं 30 जनवरी 2026 को दिल्ली में अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन की राष्ट्रीय कार्यकारिणी के तत्वावधान में केवल वैश्य वर्ग की कन्याओं का विवाह संपन्न कराया जाएगा। अंतरराष्ट्रीय वैश्य फेडरेशन की प्रदेश भर में शाखाओं का गठन तेजी से हो रहा है। देहरादून, रुड़की हरिद्वार, ऋषिकेश, काशीपुर, सितारगंज में शाखाएं गठित हो चुकी हैं। हल्द्वानी, रामनगर, खटीमा, किच्छा, रुद्रपुर बाजपुर,जसपुर में शाखाओं का गठन शीघ्र किया जाएगा। वहीं जिला अध्यक्ष सुरेश गोयल ने कहा कि समाज के अस्तित्व और एकजुटता के लिए युवाओं और महिलाओं का सक्रिय होना बेहद जरूरी है। संगठन द्वारा डाटा एकत्र करने का काम सुचारू रूप से चल रहा है। जिसे शीघ्र डिजिटल का रूप दिया जाएगा। बैठक में विशिष्ट अतिथि संजय गुप्ता, प्रांतीय उपाध्यक्ष कौशलेश गुप्ता, जिला अध्यक्ष सुरेश गोयल, जिला महामंत्री डॉ. संजीव कुमार गुप्ता, जिला कोषाध्यक्ष नवनीत कुमार विश्नोई, महानगर अध्यक्ष पीयूष अग्रवाल नागलिया, महेंद्र गुप्ता लोहिया, सर्वेश कुमार गुप्ता, अनिल कुमार अग्रवाल, मयंक गोयल, रजत गुप्ता, राजीव अग्रवाल, ललित गुप्ता आदि मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




