तीन बेटियां होने पर पति ने दूसरा निकाह किया
तीन बेटियां होने पर पति ने पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। आरोप है कि पति ने दूसरा निकाह भी कर लिया। महिला ने राज्य महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई...
तीन बेटियां होने पर पति ने पत्नी को मारपीट कर घर से निकाल दिया। आरोप है कि पति ने दूसरा निकाह भी कर लिया। महिला ने राज्य महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष को प्रार्थना पत्र देकर न्याय की गुहार लगाई है।
बाजपुर के मुडिया पिस्तौर निवासी महिला ने काशीपुर पहुंची महिला आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष अमिता लोहनी से मुलाकात कर शिकायती पत्र सौंपा। कहा कि उसकी शादी 11 अगस्त 2009 को इरशाद से हुई थी। शादी के बाद से पति, सास, ससुर, देवर मारपीट करने लगे। शादी के बाद उसकी तीन बेटियां हुईं। बेटियां होने पर पति का उत्पीड़न और बढ़ गया और वह बेटे के लिए मारपीट करने लगा। वर्ष 2018 में उसने दोराहा पुलिस चौकी में घटना की तहरीर दी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। आरोप लगाया कि पति ने उसे घर से निकालकर एक दिसंबर 2018 को रामपुर निवासी किसी नाबालिग से दूसरा निकाह कर लिया। आरोपी पति ने घर आने पर जान से मारने की धमकी दी है। महिला ने पति समेत अन्य ससुरालियों से जान-माल का खतरा बताते हुए न्याय की गुहार लगाई। आयोग की पूर्व उपाध्यक्ष ने महिला को हरसंभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया।
अप्राकृतिक संबंध बनाने का आरोप लगाया
काशीपुर। महिला ने पति पर अप्राकृतिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। महिला ने एसएसपी को भेजे प्रार्थना पत्र में कहा कि काउंसिलिंग के बाद पति के खिलाफ चार अगस्त 2018 को बाजपुर में धारा 323, 506, 498 ए के तहत केस दर्ज किया गया था। लेकिन पुलिस ने अप्राकृतिक संबंध की धारा नही बढ़ाई। महिला ने आरोपी पति के खिलाफ धारा 377 बढ़ाने की गुहार लगाई।