Kashipur News: बाजपुर में दो पक्षों में जमकर हुआ विवाद, चार घायल
Kashipur News: कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत ग्राम कनौरा में पुराने विवाद को लेकर जमकर मारपीट हुई। इस मारपीट में दोनों पक्षों के दो चचेरे भाइयों समेत चार लोग घायल हो गये।

Kashipur News: बाजपुर, संवाददाता। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम कनौरा में पुराने विवाद को लेकर मारपीट हो गई। इसमें दोनों पक्षों के दो चचेरे भाइयों समेत चार लोग घायल हो गए। सभी घायलों को सीएचसी में भर्ती कराया गया। प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल दोनों चचेरे भाइयों को हायर सेंटर रेफर कर दिया गया। दोनों पक्षों ने पुलिस को तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। ग्राम कनौरा निवासी शादाब पुत्र अहमद नवी ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि सोमवार दोपहर रफीक नामक व्यक्ति ने फोन कर उसे धमकी दी। कुछ देर बाद शादाब अपने चचेरे भाई मोहम्मद फईम के साथ बाइक से जा रहा था।
आरोप है कि पेट्रोल पंप के पास पहले से घात लगाए बैठे सात से आठ लोगों ने उन्हें रोक लिया। हमलावरों के हाथों में लोहे की रॉड और धारदार हथियार थे। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की नीयत से दोनों भाइयों पर हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। शादाब ने पुलिस से जान-माल की सुरक्षा की गुहार लगाते हुए आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। वहीं, दूसरे पक्ष के रफीक ने भी पुलिस को तहरीर दी है। उसने खेत से जबरन मिट्टी उठाने का विरोध करने पर जानलेवा हमला कर उसे और उसके पुत्र अर्श को घायल करने का आरोप लगाया है। एसआई धीरेंद्र परिहार ने बताया कि दोनों पक्षों की तहरीर मिली हैं। पुलिस मामले की जांच कर रही है। जांच के बाद कार्रवाई की जाएगी।

