
बाजपुर में वन विभाग की टीम पर हमला, वन रक्षक घायल
बाजपुर के गांव मड़ैया हट्टू में शनिवार रात वन विभाग की टीम पर लकड़ी तस्करों ने जानलेवा हमला किया। तस्करों ने रेंजर को कनपटी पर तमंचा लगाकर धमकी दी और वन रक्षक को घायल कर दिया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर टीम को सुरक्षित निकाला और तस्करों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की गई।
बाजपुर, संवाददाता। गांव मड़ैया हट्टू में शनिवार रात मुखबिर की सूचना पर पहुंची वन विभाग की टीम पर लकड़ी तस्करों ने जानलेवा हमला कर दिया। आरोप है कि तस्करों ने बरहैनी वन रेंजर की कनपटी पर तमंचा लगाकर जान से मारने की धमकी दी। बीचबचाव में आए वन रक्षक पर हमला कर उसे घायल कर दिया गया। हमलावरों ने रेंजर की निजी कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया। सूचना मिलने पर बेरिया और बरहैनी चौकी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और वन विभाग की टीम को सुरक्षित बाहर निकाला। जानकारी के अनुसार, शनिवार रात करीब 10 बजे बरहैनी वन रेंजर कैलाश सिंह मेहरा को मुखबिर से सूचना मिली कि गांव मड़ैया हट्टू में गुरुद्वारे के पास सड़क किनारे एक खेत में लकड़ी के लट्ठे पड़े हैं।
सूचना पर रेंजर अपने साथ वन दरोगा पूरन चंद्र जोशी, ललित पालीवाल, वन रक्षक विवेक गोस्वामी, आदित्य सिंह, अनिल सिंह थायत, प्रशांत सिंह, नीरज रौतेला और जगमोहन सिंह को लेकर मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इसी दौरान एक कार में सवार पांच लोग मौके पर पहुंचे और रेंजर पर तमंचा तानकर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद अन्य तस्करों ने टीम पर हमला कर दिया और रेंजर की कार में तोड़फोड़ की। हमले में वन रक्षक विवेक गोस्वामी घायल हो गए। आरोप है कि एक तस्कर उनकी सरकारी बंदूक भी छीनकर फरार हो गया। घटना के बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। पुलिस के पहुंचते ही हमलावर मौके से भाग निकले। रेंजर मेहरा ने बेरिया चौकी में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं घायल वन रक्षक विवेक गोस्वामी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया। उन्हें अंदरूनी चोटें आई हैं। हमले के बावजूद वन विभाग की टीम ने खेत में छिपाकर रखी गई शीशम प्रजाति की तीन नग लकड़ी और एक बाइक बरामद की। कोट... वन विभाग की टीम से अभद्रता की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची थी। पूरे मामले की जांच की जा रही है, जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। -विभव सैनी, सीओ बाजपुर

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




