काशीपुर। हमारे संवाददाता
क्षेत्र में बुधवार को दहेज उत्पीड़न के दो अलग-अलग मामले सामने आये हैं। पहले में जहां पति ने अवैध संबंधों और रुपयों की खातिर महिला से मारपीट कर घर से निकाल दिया। वहीं, दूसरे मामले में भी पांच लाख रुपये और कार मांग पूरी नहीं होने पर ससुरालियों ने अपनी बहू को छह वर्षीय बच्ची समेत घर निकाल दिया। आरोप है कि ससुरालियों ने उसे जान से मारने की भी धमकी दी। इधर, पुलिस ने दोनों मामलों में पीड़िताओं की तहरीर पर पति समेत पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
केस-1
ग्राम गढ़ीनेगी हाल निवासी महेशपुरा अनीता सक्सेना ने बुधवार को पुलिस को तहरीर दी। उन्होंने कहा उसकी शादी एक अप्रैल 2007 को मोहल्ला पक्काकोट निवासी सुमित सक्सेना पुत्र नरेश कुमार सक्सेना के साथ हुई थी। शादी के बाद से ही उसका पति समय-समय पर उसके माता-पिता से रुपयों की मांग करता रहा। मांग पर उसने कई बार अपने पिता से रुपये लाकर पति को दिये। कुछ समय पहले उसे पता चला उसके पति का किसी अन्य महिला के साथ अवैध संबंध है। इस पर उसने जब अपने पति से बात करनी चाही तो वह मारपीट करने लगा और कई बार जान से मारने की कोशिश की। कहा उसका पति उसे बतौर पत्नी अपने साथ नहीं रखना चाहता। पुलिस ने विवाहिता की तहरीर पर आरोपी पति के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
केस-2
मोहल्ला सिंघान निवासी ऋचा शर्मा ने बुधवार को महिला हेल्प लाइन में तहरीर दी। उन्होंने कहा उसकी शादी दिल्ली में संजय विहार, गढ़ रोड, मेरठ निवासी विपिन कुमार पुत्र श्यामवीर सिंह से हुई थी। शादी के बाद से ही ससुरालियों ने उसे छोटी-छोटी बातों पर मारना-पीटना शुरू कर दिया। प्रेम विवाह होने के कारण उसकी सास राजेंद्री देवी ने दहेज के लिये प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। इसमें उसका पति भी साथ देता था। इसी बीच वह गर्भवती हो गई और उसके एक बेटी पैदा हुई। बेटी के पैदा होने के बाद ससुराली उसे और प्रताड़ित करने लगे। इसी बीच पति ने उसे और उसकी छह वर्षीय बेटी को घर से निकाल दिया। साथ ही पांच लाख रुपये और कार की मांग करने लगे। इसकी शिकायत उसने महिला हेल्पलाइन में की थी। कहा उसने पटियाला से बॉक्सिंग का डिप्लोमा करना चाहा। लेकिन पति के शक करने पर उसने अपनी पढ़ाई भी छोड़ दी। उन्होंने कहा 21 जुलाई 2020 को पति विपिन कुमार, ससुर श्यामवीर सिंह, सास राजेंद्री देवी जेठ नीरज व अन्य दो लोग उसके मायके आये और बिना दहेज के ससुराल भेजने पर जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।