जसपुर। हमारे संवाददाता
दे माई लोहड़ी, जीवे तेरी जोड़ी, दुल्ला भट्टी वाला सानू देदे लोहड़ी ते तेरी जीवे जोड़ी...। जैसे गानों पर भंगड़ा और गिद्दा करके सिख समाज के लोगों ने लोहड़ी पर धमाल मचाया। साथ ही एक दूसरे को मुबारकबाद दी।
बुधवार को पंजाबी महासभा ने पंजाबी कॉलोनी में आयोजित लोहड़ी कार्यक्रम से पहले अरदास की। इसके बाद काले तिल, मूंगफली, रेबड़ी, फुल्ले आदि से आग प्रज्वलित की गई। इसके बाद नव विवाहित जोड़े एवं पहले बच्चे के जन्म के साथ आई महिला एवं पुरुषों ने जमकर नाच गाना किया। यहां महेंद्र अरोरा, त्रिलोक अरोरा, प्रेम सहोता, राकेश अरोरा, सतीश अरोरा, हरिओम सिंह, दीपक अरोरा, जितेंद्र खुराना, विनोद अरोरा, सिंपल नारंग, दर्पण, सतनाम सिंह, रंजीत बेहगल, नीरज अरोरा, कमल नारंग, रमेश ग्रोवर, सुरेश अरोरा, नरेश कुमार, अशोक बत्रा, विनोद ठुकराल रहे।
सोशल डिस्टेंस के साथ मनेगी पहली लोहड़ी
जसपुर। लोहड़ी पर्व शादीशुदा जोड़ों के लिए बेहद खास होता है। महिलायें दुल्हन की तरह सजती हैं। लोहड़ी की पवित्र आग में तिल डालने के बाद जोड़े वहां मौजूद बुजुर्गों का आशीर्वाद लेते हैं। नव दंपति विशाल अरोरा अपनी पत्नी अनमोल अरोरा के साथ पहली लोहड़ी मनायेंगे। दोनों बताते हैं यह लोहड़ी उनके जीवन की अनमोल लोहड़ी है। दोनों बेहद प्रसन्न है। कहते हैं कोरोना के चलते सोशल डिस्टेंस के साथ लोहड़ी पर्व मनायेंगे।