
भारत को इजरायल से सीखना चाहिए; RSS नेता भैयाजी जोशी ने क्या कहा, धर्मांतरण पर भी बोले
दिवाली मिलन कार्यक्रम में आरएसएस नेता भैयाजी जोशी ने कहा कि भारत को इजरायल से सीख लेते हुए बाह्य और आंतरिक सुरक्षा मजबूत करनी चाहिए। उन्होंने धर्मांतरण पर भी अपनी बात रखी।
आरएसएस के अखिल भारतीय कार्यकारणी सदस्य भैयाजी जोशी ने कहा कि इजरायल की तरह भारत को भी अपनी आंतरिक और बाहरी सुरक्षा का मजबूती से सामना करना चाहिए। उन्होंने धर्मांतरण पर चिंता जताते हुए पूर्ण प्रतिबंध लगाने पर जोर दिया। रविवार को आरएसएस मुख्यालय में दीवाली मिलन कार्यक्रम में उन्होंने हर वर्ग से इस दिशा में संकल्प लेने का आह्वान किया।

संघ के अखिल भारतीय कार्यकारिणी सदस्य भैयाजी जोशी ने इजरायल का उदाहरण देते हुए कहा कि भारत को भी आंतरिक एवं बाह्य चुनौतियों का दृढ़ता और सामर्थ्य के साथ सामना करने को स्वावलंबी, सशक्त और सजग राष्ट्र बनना होगा। उन्होंने कहा कि आज समूची दुनिया भारत की ओर नई दृष्टि से देख रही है। विदेशों में भी भारतीय अपने देश की संस्कृति और मूल्यों के कारण गर्व का अनुभव करते हैं।
जोशी ने कहा कि हम सभी सौभाग्यशाली हैं कि हमने स्वाधीन भारत में जन्म लिया है। यह हमारा सामूहिक दायित्व है कि हम अपनी आजादी को अक्षुण्ण बनाए रखें। देश में केवल भौतिक या ढांचागत विकास ही नहीं, बल्कि मानसिक, सांस्कृतिक और रचनात्मक निर्माण भी आवश्यक है, ताकि समाज का समग्र एवं संतुलित विकास सुनिश्चित हो।
कार्यक्रम का संचालन पवन शर्मा ने किया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, संघ के प्रांत प्रचारक डॉ. शैलेंद्र, प्रान्त प्रचार प्रमुख संजय, विभाग प्रचारक धनंजय मौजूद रहे।

लेखक के बारे में
Gaurav Kalaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




