काम की बात: ट्रेकिंग रूट पर होमस्टे चमकाने को अब मिलेगा और ज्यादा अनुदान, उत्तराखंड सरकार का फैसला

हिन्दुस्तान, देहरादून
Follow us on Google News
share

उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद ने होम स्टे चलाने वालों के लिए अनुदान बढ़ाने को मंजूरी दे दी है। यह फैसला प्रदेश में ट्रेकिंग पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए लिया गया है। इसके तहत अब एक होम स्टे के लिए 5 लाख रुपये तक का अनुदान मिल सकेगा।

ट्रेकिंग रूट पर होमस्टे चमकाने को अब मिलेगा और ज्यादा अनुदान, उत्तराखंड सरकार का फैसला

उत्तराखंड के चिह्नित ट्रेकिंग रूट पर होम स्टे निर्माण को बढ़ावा देने को मंगलवार को पर्यटन विकास परिषद की बैठक में अहम फैसला हुआ। नए निर्माण पर अनुदान प्रति कमरा 60 हजार रुपये से बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया गया है।

पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में परिषद मुख्यालय में कई अहम फैसले लिए गए। पर्यटन मंत्री ने ट्रेकिंग रूटों पर ग्रामीण और ट्रेकिंग पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए 'ट्रेकिंग-ट्रैक्शन होम-स्टे योजना' में अनुदान बढ़ाया है। एक होम स्टे के लिए यह अधिकतम अनुदान पांच लाख रुपये रहेगा।

इसके साथ ही पुराने कमरों की मरम्मत और सौंदर्यकरण को मिलने वाले अनुदान को 25 हजार रुपये से बढ़ाकर 50 हजार रुपये प्रति कमरा किया गया। राज्य के 10 से 15 प्रमुख ट्रेकिंग मार्गों पर कम्युनिटी सेंटर का निर्माण होगा। बैठक में सचिव पर्यटन धीराज सिंह गर्ब्याल, एमडी जीएमवीएन संदीप तिवारी, एमडी केएमवीएन विनीत तोमर मौजूद रहे।

दुर्घटना, दुराचार पर लाइसेंस होगा निरस्त

राफ्टिंग, कयाकिंग नियमावली 2014 में भी संशोधन को बोर्ड ने मंजूरी दी। पर्यटन मंत्री ने बताया कि राज्य की नदियों में साहसिक खेलों के दौरान पर्यटकों की सुरक्षा को और पुख्ता किया जाएगा। गाइडों की पात्रता और लाइसेंस नवीनीकरण के नियमों को और सख्त किया जाएगा। पर्यटकों के लिए टाइप फाइव लाइफ जैकेट और हेलमेट जैसे अनिवार्य सुरक्षा उपकरण पहनना अनिवार्य होगा। पर्यटकों के साथ दुर्घटना, दुराचार की स्थिति में सख्त दंडात्मक कार्रवाई होगी। लाइसेंस निलंबित करने के साथ ही निरस्तीकरण की कार्रवाई होगी। सभी गाइडों खासतौर पर रिवर राफ्टिंग गाइड के लिए सीपीआर कोर्स अनिवार्य होगा।

उत्तराखंड को मिली टूरिज्म कॉन्क्लेव की मेजबानी

उत्तराखंड को पहली बार एडवेंचर टूर ऑपरेटर्स एसोसिएशन ऑफ इंडिया के नेशनल कन्वेंशन की मेजबानी मिली है। बागेश्वर के कौसानी में यह आयोजन होगा। पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने बताया कि इसमें 500 से अधिक देश-विदेश के पर्यटन विशेषज्ञ जुटेंगे। देहरादून में नवंबर में इंटरनेशनल टूरिज्म कॉन्क्लेव होगी। इसमें देश भर के टूर ऑपरेटर्स, ट्रैवल एजेंट्स और होटल चेन हिस्सा लेंगी। रामनगर में ग्लोबल फूड फेस्टिवल होगा। इंडियन फेडरेशन ऑफ कुलिनरी एसोसिएशंस के सहयोग से उत्तराखंड के पारंपरिक खान-पान को वैश्विक मंच मिलेगा। पर्यटन मंत्री ने बताया कि एडवेंचर स्पोर्ट्स का भी उत्तराखंड अंतरराष्ट्रीय केंद्र बनेगा।

धार्मिक स्थलों के विकास के लिए डेस्टिनेशन प्लान

बोर्ड बैठक में तय हुआ कि कैंची धाम, त्रियुगीनारायण और कार्तिक स्वामी के लिए स्पेशल 'डेस्टिनेशन प्लान' बनेंगे। राज्य के प्रमुख आध्यात्मिक केंद्रों के नियोजित और आधुनिक विकास के लिए विशेषज्ञ कंसल्टेंट नियुक्त किए जाएंगे। त्रियुगीनारायण मंदिर में शिव-पार्वती के विवाह स्थल के रूप में प्रसिद्ध इस स्थान को भव्य 'डेस्टिनेशन वेडिंग' हब के रूप में विकसित किया जाएगा। कार्तिक स्वामी मंदिर में तीर्थयात्रियों के लिए बुनियादी सुविधाएं और ट्रेकिंग ट्रेल विकसित किए जाएंगे।

कौशल विकास पर जोर

बोर्ड ने 3121 स्थानीय युवाओं के कौशल विकास के प्रस्ताव पर भी मुहर लगाई। इसके लिए साहसिक पर्यटन प्रशिक्षण कार्यक्रम को मंजूरी दी गई। इसमें 3121 युवाओं को माउंटेनियरिंग, स्कीइंग, वाइल्डरनेस फर्स्ट एड, हाई एल्टीट्यूड गाइड कोर्स, वॉटर स्कीइंग, व्हाइट वॉटर कयाकिंग, रिवर राफ्टिंग, बिहेवियर स्किल डेवलपमेंट और पैराग्लाइडिंग का विश्वस्तरीय प्रशिक्षण दिया जाएगा।

Praveen Sharma

लेखक के बारे में

Praveen Sharma
प्रवीण शर्मा लाइव हिन्दुस्तान में स्टेट टीम का हिस्सा हैं। एक दशक से भी अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सेवाएं दे रहे प्रवीण साल 2014 में डिजिटल पत्रकारिता में आने से पहले प्रिंट मीडिया में भी काम कर चुके हैं। प्रवीण ने अपने करियर की शुरुआत हरिभूमि अखबार से की थी और वर्ष 2018 में लाइव हिन्दुस्तान से जुड़े। प्रवीण मूलरूप से उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ जिले के निवासी हैं, लेकिन इनका जन्म और स्कूली शिक्षा दिल्ली से हुई है। हालांकि, पत्रकारिता की पढ़ाई इन्होंने हरियाणा के हिसार स्थित गुरु जम्भेश्वर विश्वविद्यालय से की है। वह दिल्ली-एनसीआर की सियासी घटनाओं के साथ ही जन सरोकार से जुड़ी सभी छोटी-बड़ी खबरों पर भी पैनी नजर रखते हैं। और पढ़ें

लेटेस्ट   Hindi News ,    बॉलीवुड न्यूज,   बिजनेस न्यूज,   टेक ,   ऑटो,   करियर , और   राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।