
दीपावली पर हरिद्वार में आठ दिन बदलेगा ट्रैफिक सिस्टम, इन वाहनों की नो एंट्री; ये इंतजाम
दीपावली पर ट्रैफिक के मद्देनजर हरिद्वार में आठ दिन के लिए नए इंतजाम किए गए हैं। बड़े और भारी वाहनों की नो एंट्री रहेगी। 17 से 24 अक्टूबर तक हरिद्वार में वाहनों की आवाजाही तय रूट से ही होगी।
दीपावली, गोवर्धन पूजा और भैयादूज पर शहर में भीड़ और जाम से निपटने के लिए पुलिस ने विशेष ट्रैफिक प्लान तैयार किया है। 17 से 24 अक्टूबर तक यानी आठ दिन तक हरिद्वार में वाहनों की आवाजाही तय रूट से ही होगी।
इस दौरान शहर के मुख्य मार्गों पर भारी और लोडिंग वाहनों की एंट्री पर पूरी तरह प्रतिबंध रहेगा। नो-पार्किंग जोन में खड़े वाहनों को पुलिस द्वारा टो किया जाएगा।नो-एंट्री और वन-वे नियमों का सख्ती से पालन कराया जाएगा। पुलिस ने व्यापारियों से भी अनुरोध किया है कि वे ग्राहकों को अपनी दुकान के सामने वाहन खड़ा करने से रोकें और निर्धारित पार्किंग स्थलों का ही उपयोग करने के लिए प्रेरित करें। एसएसपी प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए हैं कि ट्रैफिक प्लान का कड़ाई से पालन कराया जाए और कहीं भी जाम न बनने पाए।
ज्वालापुर में ये रहेगी व्यवस्था
ज्वालापुर कोतवाली क्षेत्र में रोजाना सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक जटवाड़ा पुल, दुर्गा चौक, रेल चौकी, सेक्टर-2 और भगतसिंह चौक के बीच भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। बीएचईएल, सिंहद्वार, आर्यनगर, दुर्गा चौक और रानीपुर मोड़ से ज्वालापुर की ओर आने वाले वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। इनमें ज्वालापुर इंटर कॉलेज, रेलवे स्टेशन पार्किंग, भाईचारा होटल के पास खाली स्थान और डॉ. चंदेला अस्पताल के सामने पार्किंग स्थल शामिल हैं। सेक्टर-2 बैरियर, दुर्गा चौक, रेलवे अंडरपास, श्रीराम चौक, घासमंडी चौक, रामलीला ग्राउंड और मैदानियान ज्वालापुर में पुलिस कर्मी तैनात रहेंगे। रानीपुर मोड़ पर दबाव बढ़ने की स्थिति में बीएचईएल और सेक्टर-2 की ओर से आने वाले वाहनों को भगतसिंह चौक से टिबड़ी और पुराने रानीपुर मोड़ होते हुए वन-वे रूट से निकाला जाएगा। श्रीराम चौक से कटहरा बाजार तक वाहनों की आवाजाही पूरी तरह बंद रहेगी।
तय रूट से चलेगा ट्रैफिक
नगर कोतवाली क्षेत्र में भी सुबह आठ से रात दस बजे तक सूखी नदी तिराहा से भीमगोड़ा बैरियर और पंतद्वीप से भीमगोड़ा तक लोडिंग वाहनों की नो-एंट्री रहेगी। वेद निकेतन तिराहा से श्मशान घाट की ओर जाने वाले मार्ग पर ऑटो, विक्रम और ई-रिक्शा नहीं चलेंगे। दूधाधारी और करपात्री चौक की ओर आने वाले छोटे वाहनों के लिए दो पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। भीमगोड़ा बैरियर, वेदनिकेतन तिराहा और पंतद्वीप प्रवेश द्वार पर पुलिस जांच रहेगी। सूखीनदी तिराहा से आने वाले वाहनों को करपात्री चौक के रास्ते हाईवे की ओर भेजा जाएगा।
रानीपुर में भी लागू रहेगा प्लान
रानीपुर कोतवाली क्षेत्र में चिन्मय चौक, शिवालिकनगर चौक, बसपा तिराहा और सलेमपुर चौक के बीच भारी और छोटे लोडिंग वाहनों का प्रवेश सुबह आठ से रात दस बजे तक बंद रहेगा। बीएचईएल और रोशनाबाद से शिवालिकनगर की ओर आने वाले वाहनों के लिए चिन्मय डिग्री कॉलेज और सीआईएसएफ गेट के पास पार्किंग स्थल तय किए गए हैं। शिवालिकनगर चौक और बसपा तिराहा पर ट्रैफिक पुलिस तैनात रहेगी।
कनखल में ये रहेगा इंतजाम
कनखल क्षेत्र में सिंहद्वार से जगजीतपुर चौकी तक लोडिंग वाहनों की आवाजाही सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। वाहनों की पार्किंग के लिए कृष्णानगर पुलिया से प्रेमनगर चौक तक नहर पटरी मार्ग के किनारे खाली स्थानों का उपयोग किया जाएगा। सिंहद्वार, देशरक्षक तिराहा, चौकी जगजीतपुर पर बैरियर लगाकर ट्रैफिक पर नजर रखी जाएगी। भीड़ बढ़ने पर वाहनों को शंकर आश्रम, जहान्वी डेल और रामदेव पुलिया मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा।

लेखक के बारे में
Gaurav Kalaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




