
नैनीताल में इमाम पर शिकंजे के बाद मस्जिद के बाहर पुलिस का कड़ा पहरा, दिल्ली ब्लास्ट से लिंक
दिल्ली धमाके की गूंज अब देहरादून के बाद नैनीताल में गूंजी। शनिवार को पुलिस और खुफिया एजेंसियों ने मस्जिदों में दबिश दी। कई पदाधिकारियों और इमाम से पूछताछ की। शहर में पुलिस का 30 घंटे से कड़ा पहरा है।
दिल्ली धमाके में हल्द्वानी का कनेक्शन सामने आने के बाद चर्चाओं का बाजार गर्म है। देहरादून, पिथौरागढ़ के बाद हल्द्वानी से नैनीताल तक दिल्ली धमाके की गूंज रही। सूत्रों के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों ने घंटों पूछताछ के बाद वनभूलपुरा क्षेत्र में स्थित बिलाली मस्जिद के इमाम मोहम्मद आसिम और उसके साथी से घंटों पूछताछ की। देर रात तक पुलिस का मस्जिद के बाहर कड़ा पहरा भी रहा। बीते 30 घंटे से पूरे हल्द्वानी का इलाका पुलिस की निगरानी में है। पुलिस की आईटी सेल और सीसीटीवी कंट्रोल रूम से हर एक जगह पर पैनी नजर बनी है।
इमाम मो. आसिम मूल रूप से यूपी के रामपुर जिले के निवासी हैं। उन्होंने दो-ढाई साल पहले ही हल्द्वानी आकर बिलाल मस्जिद में बतौर इमाम जिम्मेदारी ली थी। उनके साथ पत्नी और तीन बच्चे रहते हैं। पुलिस के एक अधिकारी ने बताया कि दिल्ली में दस नवंबर की रात हुए धमाके के एक आरोपी से हल्द्वानी के वनभूलपुरा का कनेक्शन सामने आया था। केंद्रीय जांच एजेंसी, एसटीएफ और दिल्ली पुलिस की टीमों ने शुक्रवार रात हल्द्वानी आकर इमाम और उनके एक साथी नजर कमाल को हिरासत में लिया, पर पुख्ता सबूत नहीं मिलने के बाद दोनों को शनिवार रात छोड़ दिया गया। सुरक्षा एजेंसियों ने दोनों से आगे किसी भी पूछताछ में सहयोग के लिए कहा है।
मस्जिद पदाधिकारियों और करीबियों से पूछताछ
इमाम समेत दो को हिरासत में लेने के बाद शनिवार दोपहर को नैनीताल पुलिस ने मस्जिद कमेटी के पदाधिकारियों और आसपास के लोगों को बहुद्देशीय भवन बुलाकर पूछताछ की। पांच से अधिक लोगों से गुप्त स्थान पर पूछताछ हुई। सूत्रों के मुताबिक उनके कई संदर्भों में पूछताछ की गई। पुलिस के अधिकारी समेत खुफिया तंत्र ने पूछताछ की।
पुलिस का सघन चेकिंग अभियान
हल्द्वानी एसपी सिटी मनोज कत्याल ने कहा कि कार्रवाई केंद्रीय सुरक्षा एजेंयियों ने की है। हमसे सहयोग मांगा गया था। हमने सुरक्षा मुहैया करा दी थी। सुरक्षा के लिहाज से शहर में चेकिंग की गई है। मस्जिद के पास सुरक्षा देर रात तक तैनात थी। जिसे अब हटा दिया गया है। पुलिस का काम लॉ एंड ऑर्डर बनाए रखना है। एसपी क्राइम डॉ.जगदीश चंद्र ने बताया कि पीएचक्यू के निर्देश पर जिले भर में सघन चेकिंग अभियान चलाया गया है। बताया कि 13 प्वाइंट पर पुलिस की अलग-अलग टीमें चेकिंग कर रही हैं।
विवादों से नहीं छूट रहा वनभूलपुरा का नाता
पिछले कुछ समय से हल्द्वानी के वनभूलपुरा का विवादों से नाता नहीं छूट पा रहा है। फरवरी 2024 में अतिक्रमण पर कार्रवाई के दौरान वनभूलपुरा में हिंसा हुई थी, जिससे पूरे देश में यह क्षेत्र चर्चा में आया था। हालात पटरी पर लौटे तो एक साइबर ठगी के मामले ने फिर सुर्खियों में रखा। यह मामला जैसे की कुछ छंटा था तो अब दिल्ली धमाके के तार जुड़ने की अफवाहों ने बाजार गर्म कर दिया।

लेखक के बारे में
Gaurav Kalaलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




