'सुपारी किलर पर मेहरबान और मुझे...'; कांग्रेस से खटपट के बीच हरीश रावत को भाजपा सरकार से क्या शिकायत
कांग्रेस हाईकमान से खटपट के बीच हरीश रावत ने भाजपा सरकार से पुलिस एस्कॉर्ट न दिए जाने को लेकर शिकायत की है। यहां तक कह डाला कि एक सुपारी किलर पर सरकार मेहरबान है।

इन दिनों उत्तराखंड की राजनीति गर्मायी हुई है। कांग्रेस के कद्दावर नेता और पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत और पार्टी हाईकमान के बीच रिश्ते अच्छे नहीं चल रहे हैं। हरीश रावत ने हाईकमान की रोक के बावजूद लगातार रोड शो किया। हालांकि अब वे रोड शो रोककर दिल्ली स्थित कांग्रेस हाईकमान के पास अपना पक्ष रखने गए हैं। इस बीच जसपुर में रोड शो के दौरान रावत ने पुलिस एस्कॉर्ट न दिए जाने को लेकर भाजपा सरकार से नाराजगी भी जताई। यहां तक कह डाला कि मैं विपक्ष का एकमात्र पूर्व मुख्यमंत्री हूं, जो सत्ता की इस कृपा से वंचित हूं। मगर एक चहेते विधायक जिसमें भाजपा भविष्य का सुपारी किलर देखती है, उसे पुलिस सहित कई तरीके की सुविधाएं प्राप्त हैं।
हरीश रावत ने बुधवार को सोशल मीडिया पोस्ट में पुलिस एस्कॉर्ट की सुविधा न मिलने को लेकर नाराजगी जताई है। उन्होंने अपने पोस्ट में कहा, ‘मेरा सरकार से झगड़ा यह नहीं है कि मुझे एस्कॉर्ट क्यों नहीं दी जा रही है। मगर जब कभी मैं जाम में फंसता हूँ, तो उस समय मुझे एस्कॉर्ट न होने की कमी खलती है। यह तथ्य सबको विदित था कि हमारी धन्यवाद यात्रा के दौरान सह-यात्रियों की गाड़ियाँ सुरक्षित निकल जाएं और सड़कों पर जाम भी न लगे, इस हेतु मैंने पुलिस एस्कॉर्ट की अपेक्षा की थी।’
यूपी पुलिस को शाबादी दी
हरीश रावत ने आगे यूपी पुलिस की तारीफ भी की। उन्होंने कहा कि अफजलगढ़ जैसे भीड़भाड़ वाले एरिया में भी उत्तर प्रदेश पुलिस ने हमारी सैकड़ों गाड़ियों को बिना यातायात विलंबित किए आगे बढ़ा दिया। जसपुर में यह व्यवस्था चरमराती हुई नजर आई, जो काशीपुर पहुंचकर पूरी तरीके से ध्वस्त हो गई। मैंने पुलिस से अपेक्षित सहयोग मांगा, लेकिन सहयोग के बजाय हमारी गाड़ियाँ अलग-अलग रूट्स में डाल दी गईं और उस यात्रा को समेटने में हमें पुनः 1 से सवा घंटा लग गया। काशीपुर पुलिस ने हमको मुख्य मार्ग से भी नहीं जाने दिया। मगर शिकायत करें तो किससे करें? रामनगर आकर तो मुंह का स्वाद और कड़वा हो गया, जो हल्द्वानी तक बना रहा।'
आरोप- 'अपने चहेते और सुपारी किलर पर मेहरबान'
उन्होंने आगे कहा कि राज्य में सभी पूर्व मुख्यमंत्रियों, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष और सांसदगणों को पुलिस एस्कॉर्ट व अन्य सुविधाएं दी जा रही हैं। मैं विपक्ष का एकमात्र पूर्व मुख्यमंत्री हूँ जो सत्ता की इस कृपा से वंचित हूँ। यूं तो राज्य में 13 मंत्री या मंत्री के समकक्ष (जिन्हें एस्कॉर्ट भी सम्मिलित है) इसके हकदार हैं। बाकी विधायकों को यह सुविधा नहीं दी जा रही है। मगर एक चहेते विधायक को—जिसमें भाजपा भविष्य का सुपारी किलर देखती है—उसे पुलिस सहित कई तरीके की सुविधाएं प्राप्त हैं और ऐसा नहीं है कि पुलिस का रवैया हमारी प्रत्येक यात्रा में इसी तरीके का रहा हो। जब मैं नारसन से घर तक आया, तो उस दौरान हमें परफेक्ट एस्कॉर्ट और पुलिस मदद दी गई। सैकड़ों गाड़ियों का काफिला मिनटों में आगे बढ़ गया।'
कांग्रेस हाईकमान से खटपट पर हरीश रावत क्या बोले
हरीश रावत ने कांग्रेस हाईकमान से खटपट को लेकर भी अपना पक्ष सोशल मीडिया पर शेयर किया। कहा कि इस 14 अक्टूबर को कांग्रेस के साथ मेरे विधिवत संबंध अर्थात सदस्यता को 58 वर्ष हो जाएंगे। मैं दो वर्ष पहले से ही कांग्रेस की युवा शाखा के कार्यक्रमों में भाग लेने लग गया था अर्थात मेरे संबंध इस अक्टूबर के महीने में कांग्रेस के साथ 60 साल के हो जाएंगे।
60 वर्षों में कभी जवाब-तलब नहीं हुआ हूं
वो आगे लिखते हैं कि इन 60 वर्षों में मैंने बहुत सारी गलतियां की होंगी, मगर पार्टी ने कभी भी मुझसे जवाब-तलब नहीं किया। बहुत हुआ तो यूं ही पूछ लिया कि भई, क्या बात हो गई और हमने अपनी राजनीतिक शरारत का जो भी कारण बता दिया, पार्टी ने उसको अपने एक सिपाही का कथन मानकर स्वीकार किया। आज दिल्ली की ओर जाते हुए मेरे मन में एक अजीब से उल्लास का अहसास हो रहा है, कुछ गुदगुदी सी महसूस कर रहा हूँ। क्योंकि मुझे समाचार सूत्रों से जानकारी मिली है कि मुझसे जवाब या मेरे कुछ ऐक्शंस के लिए स्पष्टीकरण मांगा जाएगा।
मैंने जब इस विषय में पहले चर्चा सुनी तो मैंने स्वयं भी मिलने का समय मांग लिया, क्योंकि मैं खुद भी स्पष्टीकरण देने के लिए उत्सुक हूं, तो आज विधिवत जो एक कमी रह गई थी मेरे राजनीतिक जीवन में, वो पूरी हो रही है और मैं पार्टी के शीर्ष के सम्मुख अपनी बात रखूंगा।'


