किसानों और ग्रामीण समाज के लिए समर्पित रहे चौ. चरण सिंह
हरिद्वार में जाट महासभा द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 39वीं पुण्यतिथि श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर वैदिक यज्ञ आयोजित किया गया और उनके योगदान पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने उनकी किसानों के प्रति निष्ठा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने में भूमिका को याद किया।

हरिद्वार, संवाददाता। जाट महासभा पंचपुरी, हरिद्वार की ओर से भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की 39वीं पुण्यतिथि आर्य समाज सेक्टर-1 भेल में श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर वैदिक यज्ञ का आयोजन कर उन्हें पुष्पांजलि अर्पित की गई। यज्ञ की पूर्णाहुति के बाद आयोजित गोष्ठी में वक्ताओं ने चौधरी चरण सिंह के राजनीतिक जीवन, किसानों के हित में किए गए कार्यों और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाने में उनके योगदान को याद किया। चौधरी देवपाल सिंह राठी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह का जीवन किसानों और ग्रामीण समाज के उत्थान के लिए समर्पित रहा। उन्होंने विधायक से लेकर मुख्यमंत्री और देश के पांचवें प्रधानमंत्री तक का सफर तय किया और हमेशा किसान हितों को प्राथमिकता दी।
आचार्य योगेंद्र मेधावी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह ने भारतीय क्रांति दल का गठन कर किसानों की आवाज को राष्ट्रीय स्तर पर मजबूत किया। उन्होंने आपातकाल के दौरान भी लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए संघर्ष किया। भाजपा जिला महामंत्री संजीव चौधरी ने कहा कि चौधरी चरण सिंह की नीतियां ग्रामीण भारत और किसान वर्ग के सशक्तिकरण के लिए मील का पत्थर साबित हुईं। शक्ति वर्धन ने कहा कि चौधरी चरण सिंह पक्के आर्य समाजी और वैदिक संस्कृति के समर्थक थे।
लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।


