
हेलमेट नहीं लगाया तो पेट्रोल भी नहीं मिलेगा
राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने कहा कि हेलमेट पहने बिना दोपहिया चालकों को पेट्रोल नहीं दिया जाए। उन्होंने सड़क सुरक्षा के लिए नियमों के पालन की आवश्यकता पर जोर दिया और स्कूल-कॉलेजों में यातायात नियमों की जानकारी देने के निर्देश दिए। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की सहायता करने वाले वालंटियर्स को भी सम्मानित किया गया।
राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल ने कहा है कि किसी भी पेट्रोल पंप पर बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चालकों को पेट्रोल न दिया जाए। उन्होंने परिवहन और पुलिस विभाग को इसका अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। सड़क दुर्घटनाओं पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से सांसद की अध्यक्षता में गुरुवार को जिला कार्यालय सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक हुई। इस अवसर पर सांसद ने कहा कि सड़क सुरक्षा नियमों का कड़ाई से पालन कराना समय की जरूरत है। उन्होंने स्कूल-कॉलेज में यातायात नियमों की जानकारी अनिवार्य रूप से दिए जाने के साथ एनसीसी और एनएसएस के छात्रों को ट्रैफिक कंट्रोल के लिए प्रशिक्षित करने के निर्देश दिए, ताकि वे आमजन को भी यातायात नियमों के प्रति जागरूक कर सकें।
जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने सांसद का स्वागत करते हुए इन निर्देशों के शत-प्रतिशत अनुपालन का आश्वासन दिया। ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर नरमी न बरतें सांसद ने शराब पीकर वाहन चलाने के साथ ओवरस्पीड और ओवरलोडिंग करने वालों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के प्रति किसी प्रकार की नरमी न बरती जाए। इस दौरान परिवहन विभाग की ओर से जारी रोड सेफ्टी कैलेंडर का विमोचन किया गया। अफसर और कर्मचारियों को सड़क सुरक्षा की शपथ दिलाई गई। बीते साल बिना हेलमेट 21900 चालान किए गए इस दौरान सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी नेहा झा ने बताया कि वर्ष 2025 में बिना हेलमेट 21,900 चालान, 4,288 वाहन सीज और ओवरस्पीड के 9,536 चालान किए गए हैं। इस बैठक में भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, जिला उपाध्यक्ष लव शर्मा, जिला महामंत्री संजीव चौधरी, विशाल गर्ग, सीओ ट्रैफिक संजय चौहान, मजिस्ट्रेट कुश्म चौहान मौजूद रहे। सांसद ने सात लोगों को प्रशस्ति पत्र देकर किया प्रोत्साहित जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक के दौरान वर्ष 2025 में सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों की सहायता करने वाले सात वालंटियरों को राज्यसभा सांसद डॉ. नरेश बंसल की ओर से प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। सम्मानित वालंटियर में नरेश चौधरी, विशाल कुमार, धर्मेंद्र, अंकित, मनोज नौटियाल, मनीष और आशु जैन शामिल रहे। इस अवसर पर सड़क सुरक्षा माह के अंतर्गत हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




