Haridwar News: बिना रोडमैप खुदाई से बिजली-पानी की लाइनें क्षतिग्रस्त, जनता परेशान
Haridwar News: उत्तरी हरिद्वार में निर्माण कार्यों के कारण बिजली, पानी और गैस की लाइनें बार-बार क्षतिग्रस्त हो रही हैं, जिससे स्थानीय लोगों में रोष है। महानगर व्यापार मंडल के अध्यक्ष ने लापरवाही पर कार्रवाई की मांग की है। इससे घरेलू उपभोक्ताओं और व्यापारियों को भी नुकसान हो रहा है।

Haridwar News: उत्तरी हरिद्वार में बिना रोडमैप और समन्वय के चल रहे निर्माण कार्यों से बिजली, पानी और गैस की लाइनें क्षतिग्रस्त होने से लोगों में रोष है। भारतमाता पुरम, रानी गली, जसविंद्र, गंगा विहार, भागीरथी नगर, शांतिकुंज और सप्तऋषि समेत कई क्षेत्रों में बार-बार आपूर्ति बाधित होने से लोगों को परेशानी उठानी पड़ रही है। महानगर व्यापार मंडल के जिला अध्यक्ष सुनील सेठी ने जिलाधिकारी से लापरवाही बरतने वाले विभागों और कार्यदायी संस्थाओं के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने कहा कि सीवर समेत अन्य कार्यों के दौरान विद्युत, जल और गैस विभाग के अधिकारियों की मौजूदगी और समन्वय के बिना खुदाई की जा रही है।
इससे लाइनें लगातार क्षतिग्रस्त हो रही हैं। अधिकतर कार्य रात में होने के कारण सुबह लोगों को कभी पानी तो कभी बिजली की समस्या झेलनी पड़ती है। उन्होंने बताया कि सोमवार रात रानी गली में खुदाई के दौरान बिजली, पानी और गैस की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गईं।करीब 20 घंटे तक आपूर्ति बाधित रही। इससे घरेलू उपभोक्ताओं के साथ व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ा। सेठी ने क्षतिग्रस्त लाइनों में केवल ज्वाइंट लगाने के बजाय पूरी केबल और पाइपलाइन बदलने की मांग की। रोष जताने वालों में लालजी, राजेश पांडे, मनोज मिश्रा, राकेश सिंह, कृष्ण कुमार, हरिमोहन भारद्वाज, सुशील शर्मा, अमित अरोड़ा, लक्की अनेजा आदि शामिल रहे।


