
पूर्व विधायक बलवीर सिंह नेगी को राजकीय सम्मान के साथ अंतिम विदाई
घनसाली के पूर्व विधायक बलवीर सिंह नेगी का निधन हो गया, जिससे राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके योगदान की सराहना की। अंतिम संस्कार राजकीय सम्मान के साथ किया गया। नेगी ने तीन बार विधायक रहकर जनसेवा की और अपने पीछे पत्नी और पुत्र को छोड़ गए।
घनसाली के पूर्व विधायक बलवीर सिंह नेगी के निधन से राजनीतिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने इस पर गहरी संवेदना जताकर उनके योगदान को याद किया और उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की। मंगलवार को खड़खड़ी स्थित श्मशान घाट पर राजकीय सम्मान के साथ पूर्व विधायक बलवीर सिंह नेगी का अंतिम संस्कार किया गया। मुख्यमंत्री की ओर से एसडीएम जितेंद्र कुमार और क्षेत्राधिकारी शिशुपाल सिंह नेगी ने पार्थिव शरीर पर पुष्पचक्र अर्पित किए। नेगी के पुत्र भानु प्रताप ने पार्थिव शरीर को मुखाग्नि दी। इस अवसर पर पूर्व मंत्री दिनेश धनै, प्रतापनगर विधायक विक्रम नेगी, घनसाली विधायक शक्ति लाल शाह, पूर्व विधायक भीमलाल आर्य, पूर्व मंत्री शूरवीर सिंह सजवान, साहब सिंह नेगी, पूर्व भिलंगना ब्लॉक प्रमुख विजय गुनसोला, वर्तमान प्रमुख राजीव कंडारी, पूर्व ब्लॉक प्रमुख धनीलाल शाह, तहसीलदार सचिन कुमार मौजूद रहे।
तीन बार विधायक रहकर की जनसेवा बलवीर सिंह नेगी वर्ष 1988 में टिहरी और 2002 एवं 2007 में घनसाली विधानसभा क्षेत्र से विधायक रहे। अपने राजनीतिक जीवन में उन्होंने जनहित से जुड़े कई काम किए और क्षेत्रीय विकास में भूमिका निभाई। वे अपने पीछे पत्नी और एक पुत्र को छोड़ गए हैं। उनकी अंतिम यात्रा के दौरान सबने नम आंखों से श्रद्धांजलि अर्पित की।

लेखक के बारे में
Hindustanलेटेस्ट Hindi News , बॉलीवुड न्यूज, बिजनेस न्यूज, टेक , ऑटो, करियर , और राशिफल, पढ़ने के लिए Live Hindustan App डाउनलोड करें।




